बसपा के कई नेता समाजवादी पार्टी में शामिल दारा सिंह प्रजापति और जयपाल सिंह ने ली पार्टी की प्राथमिक सदस्यता
लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रजापति, पाल, कश्यप और सैनी समाज के कई लोगों ने भी ग्रहण की सदस्यता
लखनऊ । बहुजन समाज पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सपा की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, यह कार्यक्रम लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित हुआ।
सदस्यता लेने वालों में मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट से बसपा प्रत्याशी रह चुके दारा सिंह प्रजापति और बसपा के मेरठ के पूर्व जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह पाल प्रमुख रूप से शामिल रहे। पार्टी के अनुसार, जयपाल सिंह पाल करीब 30 वर्षों तक बसपा में सक्रिय रहे हैं। वह मेरठ नगर निगम में दो बार पार्षद भी रह चुके हैं और दिल्ली प्रदेश में बसपा के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

विभिन्न समाजों के लोगों ने ली सदस्यता
कार्यक्रम में प्रजापति और पाल समाज के साथ कश्यप एवं सैनी समाज के कई लोगों ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सपा की ओर से शामिल हुए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी मेरठ के जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गुमी, मुजफ्फरनगर के सांसद हरेंद्र मलिक, सरधना विधायक अतुल प्रधान, विजय पाल कश्यप और पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।