संविधान दिवस पर सीसीएसयू में भाषण प्रतियोगिता, कशिश रहीं प्रथम
संविधान के सामाजिक एवं राजनीतिक मूल्यों पर विद्यार्थियों ने रखे विचार, विजयी प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
मेरठ। ANN
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परिषद् तथा राजनीति विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर ‘भारतीय संविधान : सामाजिक क्रांति का दस्तावेज’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संविधान के सामाजिक एवं राजनीतिक मूल्यों, लोकतांत्रिक चेतना और समान नागरिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वस्ति वाचन के साथ हुआ। राजनीति विज्ञान विभाग के शिक्षक डॉ. भूपेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों का परिचय कराते हुए उनका स्वागत किया। कार्यक्रम समन्वयक एवं राजनीति विज्ञान विभाग के सह विभागाध्यक्ष डॉ. मुनेश कुमार ने विषय की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम अध्यक्ष एवं कला संकायाध्यक्ष प्रो. अतवीर सिंह ने संविधान की उद्देशिका का वाचन कराया। मुख्य अतिथि एवं साहित्यिक तथा सांस्कृतिक परिषद् के समन्वयक प्रो. कृष्णकांत शर्मा ने भारतीय संविधान की उत्पत्ति और उसके प्रमुख मूल्यों पर विचार व्यक्त किए। विशिष्ट अतिथि मुल्तानीमल मोदी कॉलेज, मोदीनगर के डॉ. राज कुमार ने संविधान और उसके मूल्यों की जनस्वीकार्यता पर बल दिया।
भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सामाजिक न्याय, समानता, लोकतांत्रिक चेतना और संवैधानिक मूल्यों से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल में अंग्रेजी विभाग की सह आचार्या डॉ. विजेता गौतम, संस्कृत एवं प्राच्य भाषा विभाग के सहायक आचार्य डॉ. प्रशांत शर्मा और राजनीति विज्ञान विभाग की शिक्षिका डॉ. चंचल शामिल रहीं।
प्रतियोगिता में कशिश गोलियान ने प्रथम, इरमिश अंसारी ने द्वितीय तथा मरियम कमर रिजवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विकास और एंजेल को सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक, जबकि भावना और निधि को सर्वश्रेष्ठ श्रोता के रूप में सम्मानित किया गया। सभी विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम की सह संयोजक डॉ. सुषमा रामपाल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रो. संजीव कुमार, प्रो. अरुण कुमार, डॉ. धनपाल, डॉ. जयवीर सिंह, डॉ. देवेंद्र उज्जवल, डॉ. रवि कुमार और डॉ. सानिया खानम सहित अनेक शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन राजनीति विज्ञान विभाग के शोधार्थी सुमित सिंह देशवाल ने किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।