विजेताओं को नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
हेलमेट के भारतीय मानक IS 4151 पर विद्यार्थियों ने लिखे विचार, विजेताओं को नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
मेरठ। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), गाजियाबाद शाखा कार्यालय के तत्वावधान में मंगलवार को केके इंटर कॉलेज, मेरठ में मानक लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “हेलमेट IS 4151” रखा गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए हेलमेट के गुणवत्ता मानकों और सड़क सुरक्षा से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य संत कुमार सिंह और भारतीय मानक ब्यूरो के संदर्भ व्यक्ति मुकन्द वल्लभ शर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को भारतीय मानक ब्यूरो की भूमिका और दैनिक जीवन में आईएसआई मार्क की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मानकों की जानकारी विद्यार्थियों में गुणवत्ता के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को समझने का अवसर मिलता है।
हेलमेट के भारतीय मानक IS 4151 की दी जानकारी
बीआईएस के संदर्भ व्यक्ति मुकन्द वल्लभ शर्मा ने विद्यार्थियों को हेलमेट के लिए निर्धारित भारतीय मानक IS 4151 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मानक हेलमेट की सुरक्षा के लिए उसके वजन, बाहरी खोल की गुणवत्ता, अंदर की गद्देदार कुशनिंग और इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री जैसे विभिन्न पहलुओं का महत्व होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी बताया कि हेलमेट खरीदते समय गुणवत्ता और मानक चिह्न की जांच करना जरूरी है। इसके साथ ही BIS CARE App के माध्यम से वास्तविक आईएसआई मार्क की पहचान करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ लिया हिस्सा
विद्यालय के मेंटोर अंकुर सिंह कार्यक्रम के संयोजक रहे। उनके नेतृत्व में प्रतियोगिता का संचालन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हेलमेट के निर्धारित मानकों, उसकी गुणवत्ता और दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा से संबंधित विषयों पर अपने विचार लिखे। इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक राजेश त्यागी, डॉ. मोहन, विपुल सोती, रविन्द्र कुमार, रोनक, मनीष कुमार, नरेश कुमार, विकास कुमार और विनीत कुमार सहित विद्यालय का स्टाफ और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
अंश गर्ग और विशाल संयुक्त रूप से प्रथम
प्रतियोगिता के समापन पर निर्णायक मंडल द्वारा विद्यार्थियों की प्रविष्टियों का मूल्यांकन किया गया। इसमें अंश गर्ग और विशाल ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों विजेताओं को 1500-1500 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्तिक और शुभ गुप्ता ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया और उन्हें 1000-1000 रुपये का पुरस्कार दिया गया। अंश लोधी और पुष्कर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिन्हें 750-750 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं दक्ष को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 250 रुपये दिए गए।
सभी विजेता एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से भारतीय मानक ब्यूरो, गाजियाबाद शाखा कार्यालय के अधिकारियों और प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया