रक्त दाताओं को सम्मानित करते आयोजन समिति के सदस्य
मेरठ। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रक्तकेन्द्र, एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज, मेरठ द्वारा अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से कोटपाल हॉस्पिटल एवं रक्तकेन्द्र परिसर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सकों, सामाजिक संस्थाओं और रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा कुल 135 यूनिट रक्तदान किया गया।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ उप-प्रधानाचार्य डा. ज्ञानेश्वर टांक, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. धीरज राज बालियान, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. अजीत चौधरी एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर डा. ज्ञानेश्वर टांक, डा. धीरज राज बालियान, डा. अजीत चौधरी तथा डा. सिद्धार्थ गर्ग ने स्वयं रक्तदान कर समाज को प्रेरणादायक संदेश दिया।
रक्तदान शिविर के साथ ही रक्तकेन्द्र, एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में रक्तदाता सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्साधिकारी मेरठ डा. राम प्रसाद रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डा. ज्ञानेश्वर टांक, डा. धीरज राज बालियान तथा डा. अजीत चौधरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रक्तकेन्द्र की प्रभारी अधिकारी डा. प्रिया गुप्ता ने की।
सम्मान समारोह में जनपद मेरठ में सर्वाधिक रक्तदान शिविर आयोजित करने वाली स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सर्वाधिक रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित संस्थाओं में मिशन वन्दे मातरम्, ब्लड टू डोनेट, हिन्दुस्तान मिशन, बजरंग दल सेवा समिति, आई ड्रीम टू ट्रस्ट, रूधिर सेवा संघ, कोटपाल हॉस्पिटल, यूथ इम्पैक्ट, एमआईटी, भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा, अमर उजाला फाउंडेशन, बीएसएनएल यूपी वेस्ट, संत निरंकारी मिशन, आर्ट ऑफ लिविंग, एलएलआरएम नर्सिंग कॉलेज तथा एडीए मेमोरियल एमबीबीएस 2019 बैच प्रमुख रहे।
कार्यक्रम में सर्वाधिक रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इनमें दीपक पंघाल ने 259 बार रक्तदान कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा मानव मित्तल (70 बार), यदुवीर सिंह (60 बार), गौरव कौशिक (50 बार), अर्चना जैन (48 बार), अरविंद कुमार (45 बार), विशांत त्यागी (40 बार), अमन गर्ग (38 बार), मुकेश पुंडीर (35 बार), नितिन कुमार (31 बार), अनिता राठी (16 बार) तथा श्वेता सौनी (11 बार) को भी सम्मानित किया गया।
प्रभारी अधिकारी डा. प्रिया गुप्ता ने बताया कि ये संस्थाएं नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित कर मेडिकल कॉलेज में आने वाले जरूरतमंद एवं गरीब मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। आवश्यकता पड़ने पर इन संस्थाओं के प्रतिनिधि तत्काल रक्तदाताओं की व्यवस्था कर मरीजों की सहायता करते हैं।
उन्होंने बताया कि मिशन वन्दे मातरम् के संस्थापक दीपक पंघाल द्वारा अब तक 259 बार रक्तदान किया जा चुका है, जिसके लिए उन्हें वर्ष 2025 में मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित भी किया गया था। वहीं ब्लड टू डोनेट के संस्थापक प्रभात मित्तल पिछले एक दशक से अधिक समय से एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के रक्तकेन्द्र से जुड़े हुए हैं और सरकारी अस्पतालों में मरीजों की सहायता के लिए निरंतर रक्तदान करते रहे हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राम प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने आमजन से नियमित रूप से रक्तदान करने तथा सरकारी अस्पतालों में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने रक्तदान शिविर आयोजित करने वाली संस्थाओं और रक्तदाताओं के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं डा. प्रिया गुप्ता ने मेडिकल कॉलेज के रक्तकेन्द्र में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं एवं उन्नत तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने सभी संस्थाओं, रक्तदाताओं और सहयोगियों को धन्यवाद देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय रहने की अपील की।
इस अवसर पर चिकित्सा अधिकारी डा. सिद्धार्थ ने उपस्थित लोगों को नियमित रक्तदान की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन डा. अर्पिता ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में काउंसलर रश्मि, लैब तकनीशियन दीपक, ट्रांसफ्यूजन विभाग की डा. नेहा सिंह एवं डा. रंगोली सहित रक्तकेन्द्र के समस्त तकनीकी एवं चिकित्सा स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
विश्व रक्तदाता दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम न केवल रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सफल रहा, बल्कि समाज में मानव सेवा और परोपकार की भावना को भी नई ऊर्जा प्रदान करने वाला साबित हुआ।