गन्ना वाहनों से सड़क दुर्घटनाएं रोकने को यातायात पुलिस सख्त
मेरठ, 28 नवंबर 2026। ANN जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव ने अपने कार्यालय में जनपद की चीनी मिलों के महाप्रबंधकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में गन्ना परिवहन करने वाले वाहनों से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
एसपी यातायात ने निर्देश दिए कि गन्ना परिवहन करने वाले सभी वाहनों के पिछले हिस्से पर रिफ्लेक्टिव टेप एवं लाल कपड़ा अनिवार्य रूप से लगाया जाए, जिससे रात्रि के समय वाहन दूर से दिखाई दे सकें और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गन्ना परिवहन के लिए केवल व्यावसायिक (कमर्शियल) वाहनों का ही प्रयोग किया जाए। किसी भी परिस्थिति में नाबालिगों को गन्ना परिवहन करने वाले वाहनों का संचालन करने की अनुमति न दी जाए।
शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने एवं जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से गन्ने का परिवहन रात्रि आठ बजे से प्रातः नौ बजे के मध्य ही कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात ने जनपद की समस्त चीनी मिलों के महाप्रबंधकों को जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। यातायात पुलिस की इस पहल का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है।