एमएमए की कार्यशाला में 170 छात्रों ने सीखे इंटरव्यू कौशल
मेरठ। मेरठ मैनेजमेंट एसोसिएशन (एमएमए) के स्टूडेंट चैप्टर द्वारा शुक्रवार को पल्लवपुरम स्थित मैनेजमेंट हाउस ऑडिटोरियम में अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए इंटरव्यू प्रिपरेशन स्किल वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यशाला में 170 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें दीवान ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, आईआईएमटी विश्वविद्यालय, मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) और पंडित दीनदयाल उपाध्याय मैनेजमेंट कॉलेज के विद्यार्थी शामिल रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एमएमए स्टूडेंट चैप्टर की चेयरपर्सन डॉ. पूनम देवदत्त ने की। मेरठ मैनेजमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष मेजर जनरल पंकज कौशिक ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें करियर की शुरुआत से पहले औद्योगिक क्षेत्र की आवश्यकताओं को समझने और नौकरी के लिए साक्षात्कार की बेहतर तैयारी करने के महत्व से अवगत कराया।
कार्यशाला में दयाल ग्रुप के असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट नीरज सरन श्रीवास्तव और डीसीएम शुगर वर्क्स के एचआर हेड आशीष शुक्ला ने विशेषज्ञ वक्ताओं के रूप में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। दोनों विशेषज्ञों ने अपने व्यावसायिक अनुभव साझा करते हुए बताया कि नौकरी के साक्षात्कार में केवल डिग्री और किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि आत्मविश्वास, संवाद कौशल, व्यवहार, विषय की समझ और अपनी बात प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करने की क्षमता भी महत्वपूर्ण होती है।
विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को प्रभावशाली रिज्यूमे तैयार करने, साक्षात्कार के दौरान पूछे जाने वाले प्रश्नों के उचित उत्तर देने, अपनी खूबियों को प्रस्तुत करने और संबंधित कंपनी की आवश्यकताओं को समझने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यशाला का प्रमुख आकर्षण पीएसीई (P.A.C.E.) फ्रेमवर्क रहा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को साक्षात्कार की पूरी तैयारी करने, सतर्क एवं एकाग्र रहने, प्रश्नों को ध्यानपूर्वक सुनने, अपने उत्तरों को उदाहरणों के माध्यम से प्रमाणित करने तथा सीखने की इच्छा और उत्साह प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित किया गया।
विशेषज्ञों ने बताया कि साक्षात्कार के दौरान पहला प्रभाव, सकारात्मक बॉडी लैंग्वेज, स्पष्ट संवाद और अपने अनुभवों को उचित उदाहरणों के साथ प्रस्तुत करना सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक एवं व्यावसायिक कौशल विकसित करने पर भी जोर दिया गया।
मेरठ मैनेजमेंट एसोसिएशन की यह पहल विद्यार्थियों को शैक्षणिक जीवन से आगे बढ़कर कॉर्पोरेट जगत की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने तथा उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
एसोसिएशन द्वारा जल्द ही विद्यार्थियों के लिए मॉक इंटरव्यू सत्र आयोजित करने की भी योजना बनाई जा रही है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को वास्तविक साक्षात्कार जैसा अनुभव प्राप्त होगा और उद्योग विशेषज्ञों से अपनी कमियों को दूर करने तथा प्रदर्शन में सुधार लाने के लिए उपयोगी सुझाव मिलेंगे।
कार्यशाला में विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में सहभागिता और उत्साह ने रोजगारपरक कौशल विकास एवं करियर निर्माण से जुड़ी ऐसी पहलों की उपयोगिता को रेखांकित किया।