आरवीसी सेंटर में वॉकथॉन से दिया महिला सशक्तिकरण का संदेश
मेरठ। ANN मेरठ कैंट स्थित भारतीय सेना के आरवीसी सेंटर एवं कॉलेज में शुक्रवार को स्वास्थ्य, सामाजिक समानता एवं महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लेडीज हेल्थ एंड वेलनेस वॉकथॉन-2026 एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेरठ एवं वीरीना फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं न्यायिक अधिकारी सोनिका वर्मा ने वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर आरवीसी सेंटर एवं कॉलेज की एफडब्ल्यूओ चेयरपर्सन डॉ. वैशाली मदरवाल विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

वॉकथॉन में कुल 122 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वस्थ जीवनशैली, शारीरिक सक्रियता, सामाजिक समानता एवं महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों एवं संवादात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से योगासन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सोनिका वर्मा ने अपने संबोधन में महिला सशक्तिकरण, महिलाओं के अधिकारों, विधिक जागरूकता एवं समाज में समान अवसरों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
आयोजन में वीरीना फाउंडेशन के संस्थापक धीरेन्द्र का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम स्थल पर जेल में निरुद्ध महिलाओं द्वारा निर्मित हस्तनिर्मित उत्पादों की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में सजावटी गमले, कपड़े के थैले एवं अन्य उपयोगी वस्तुएं प्रदर्शित की गईं। इस पहल के माध्यम से महिला बंदियों के कौशल, रचनात्मकता एवं आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ उनमें आत्मविश्वास, समानता, न्याय और सशक्तिकरण की भावना विकसित करना रहा। आयोजन के माध्यम से स्वस्थ नारी, सशक्त नारी और सशक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।