विद्यालय में सजा कवि सम्मेलन, नन्हे कवियों ने मोहा मन
महान कवियों की वेशभूषा में विद्यार्थियों ने किया भावपूर्ण काव्य पाठ, हिंदी भाषा और साहित्य के संरक्षण का दिया संदेश
मेरठ। ANN
शास्त्री नगर स्थित बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने देश के प्रसिद्ध कवियों की वेशभूषा धारण कर उनके व्यक्तित्व को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने अपनी आत्मविश्वासपूर्ण एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों से उपस्थित शिक्षकों और अभिभावकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने महाकवि तुलसीदास, संत कबीरदास, सूरदास, मीराबाई, राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त, सुभद्रा कुमारी चौहान, हरिवंश राय बच्चन, रामधारी सिंह दिनकर और महादेवी वर्मा सहित अनेक महान कवियों की वेशभूषा में मंच पर काव्य पाठ किया।
तुलसीदास के रूप में विद्यार्थी ने ‘श्री रामचंद्र कृपालु भज मन’ का पाठ किया, जबकि संत कबीरदास के रूप में विद्यार्थी ने ‘माटी कहे कुम्हार से’ दोहा सुनाकर खूब वाहवाही लूटी। सूरदास बने नन्हे बालक ने ‘मैया मोरी मैं नहीं माखन खायो’ सुनाकर सभी को भावविभोर कर दिया। वहीं सुभद्रा कुमारी चौहान के रूप में छात्रा ने झांसी की रानी पर आधारित कविता प्रस्तुत कर सभागार में देशभक्ति का जोश भर दिया।
विद्यार्थियों की आकर्षक वेशभूषा, आत्मविश्वास, अभिनय एवं भावपूर्ण काव्य पाठ से पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। अभिभावकों ने भी बच्चों की साहित्यिक प्रतिभा और मंचीय प्रस्तुति की जमकर सराहना की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति रुचि विकसित करना तथा उन्हें महान कवियों के जीवन और उनके साहित्यिक योगदान से परिचित कराना रहा। आयोजकों ने कहा कि आधुनिक तकनीक के दौर में इस प्रकार के आयोजन बच्चों को अपनी मातृभाषा, भारतीय संस्कृति और समृद्ध साहित्यिक परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभा किसी उम्र की मोहताज नहीं होती। जिस आत्मविश्वास के साथ नन्हे विद्यार्थियों ने मंच पर कविताएं प्रस्तुत की हैं, वह सराहनीय है। हिंदी हमारी मातृभाषा और पहचान है। हमें अपनी भाषा एवं महान साहित्यकारों पर गर्व करना चाहिए।
पूर्व प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार शर्मा ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर की परंपरा विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार और संस्कृति से जोड़ने की रही है। कवि सम्मेलन इसी गौरवशाली परंपरा का सुंदर उदाहरण है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावशाली संचालन छात्रा ओईशी आर्या एवं वैष्णवी ने किया। दोनों छात्राओं ने अपनी मधुर वाणी, आत्मविश्वास और रोचक अंदाज में प्रत्येक प्रतिभागी का परिचय कराकर उपस्थित लोगों की प्रशंसा प्राप्त की।
कवि सम्मेलन का आयोजन नीता चौधरी, अंजना शर्मा, सोनिया अग्रवाल, पूर्णिमा गुप्ता, मनीषा, पूर्णिमा, अदीप एवं सरोज के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। हिंदी विषय के सभी आचार्यों ने विद्यार्थियों को कविताएं कंठस्थ कराने, वेशभूषा तैयार कराने और मंचीय प्रस्तुति के लिए प्रशिक्षित करने में विशेष योगदान दिया।
कवि सम्मेलन से विद्यालय परिसर साहित्यिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से सराबोर हो गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।