मेरठ में 61वीं जनपदीय स्काउट गाइड रैली का हुआ शुभारंभ
मेरठ। उत्तर प्रदेश भारत स्काउट एवं गाइड की दो दिवसीय 61वीं जनपदीय स्काउट गाइड रैली का शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी), मेरठ के क्रीड़ा स्थल पर विधिवत शुभारंभ हुआ। समारोह में विभिन्न विद्यालयों के स्काउट एवं गाइड ने बैंड की धुन पर अनुशासित मार्च पास्ट कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुंवर वीरेंद्र मौर्य ने मार्च पास्ट की सलामी लेने के बाद रैली के शुभारंभ की घोषणा की।
कार्यक्रम में संस्था की प्रदेश उपाध्यक्ष रेखा शर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक पारुल वर्मा एवं मुकेश बाबू, संस्था की उपाध्यक्ष सरला चौधरी और कार्यकारिणी सदस्य दीपक शर्मा विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे।
शुभारंभ समारोह में सेठ बीके माहेश्वरी, सनातन धर्म गर्ल्स, शांता स्मारक गर्ल्स, भागीरथी गर्ल्स एवं गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विभिन्न राज्यों की संस्कृति पर आधारित झांकियों और अनेकता में एकता का संदेश देती प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में स्काउट एवं गाइड के प्रतिभागियों को विभिन्न कौशल प्रतियोगिताओं के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं। साथ ही रैली के आयोजन एवं विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना की।
कार्यक्रम का आयोजन जिला सचिव डॉ. गौरव पाठक, जिला आयुक्त बृजेश, सुशील शर्मा, अजय नंदन शर्मा, रेहाना सुल्तान एवं डॉ. नीरा तोमर के मार्गदर्शन में किया गया। रैली संचालक एवं प्रधानाचार्य उपेंद्र, उप प्रधानाचार्य प्रशांत कुमार तथा क्रीड़ा सचिव सुषमा यादव ने कार्यक्रम के संयोजन में विशेष सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य सुशील सिंह, डॉ. संत कुमार, डॉ. सुख नंदन त्यागी, डॉ. आभा शर्मा, सतनाम कौर, डॉ. मीना यादव, डॉ. नीलम, अमरजीत कौर, डॉ. महेश कौशिक, जीत नारायण भारती, अरुण कुमार, देवेंद्र एवं नम्रता शर्मा सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रभारी शिक्षकों और सहयोगी शिक्षकों ने आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
दो दिवसीय जनपदीय रैली के दौरान 27 एवं 28 नवंबर को विभिन्न वर्गों में स्काउट एवं गाइड की कौशल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और व्यावहारिक कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
रैली का समापन शनिवार, 28 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे होगा। समापन समारोह में विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। संयुक्त शिक्षा निदेशक संजय कुमार उपाध्याय विशिष्ट अतिथि होंगे, जबकि जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ल रैली अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहेंगे।