मेरठ शहर के तेज़गढ़ी चौराहे पर यातायात जागरूकता अभियान चलाते "पहल एक प्रयास" संस्था के स्वयंसेवक
मेरठ। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था ‘पहल एक प्रयास‘ के स्वयंसेवकों ने शुक्रवार को शहर के व्यस्त तेजगढ़ी चौराहे पर ट्रैफिक जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने राहगीरों और वाहन चालकों से संवाद कर उन्हें यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित यात्रा के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने का संदेश दिया।
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही लोगों को तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने, मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए ड्राइविंग करने तथा ट्रैफिक नियमों की अनदेखी से होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति भी सचेत किया गया।
स्वयंसेवकों ने हाथों में विभिन्न संदेशों वाले प्ले-कार्ड लेकर चौराहे पर लोगों का ध्यान लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं की ओर आकर्षित किया। उन्होंने वाहन चालकों और राहगीरों से सीधे संवाद कर बताया कि छोटी-सी सावधानी कई बार किसी की जान बचा सकती है। अभियान के दौरान अनेक लोगों ने रुककर स्वयंसेवकों की बात सुनी और यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प भी लिया।
संस्था के स्वयंसेवकों ने लोगों से अपील की कि वे जिम्मेदार और जागरूक नागरिक की भूमिका निभाते हुए न केवल स्वयं ट्रैफिक नियमों का पालन करें, बल्कि अपने परिवार और परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उनका कहना था कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य भी है।
अभियान का नेतृत्व आज के कप्तान पुष्पा चिकारा और किरण चौधरी ने किया। इस दौरान अरुण शर्मा, अनु भाटिया, भव्य यादव, भानु सिंह, तनुज प्रजापति, मीना बैंबी, पंकज पहल, राजीव अग्रवाल, बसंत चौहान, आशीष अरोड़ा, संग्राम सिंह सहित संस्था के अनेक स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहयोग दिया।
स्वयंसेवकों ने कहा कि भविष्य में भी शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह के जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।