योग गुरु स्वामी कर्मवीर
मेरठ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल की प्रेरणा एवं चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) मेरठ की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय परिसर में 15 जून से सात दिवसीय भव्य योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह योग शिविर 15 जून से 21 जून 2026 तक विश्वविद्यालय के क्रीड़ा परिसर में आयोजित होगा, जिसमें देश-विदेश में प्रसिद्ध योगाचार्य एवं योग गुरु स्वामी कर्मवीर जी महाराज साधकों को योग, प्राणायाम और स्वस्थ जीवनशैली के गुर सिखाएंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह आयोजन चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय एवं क्रीड़ा भारती (मेरठ प्रांत) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाना तथा लोगों को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करना है।
योग शिविर प्रतिदिन प्रातः 5 बजे से 7 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसमें विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राओं के अलावा शहर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, खेल प्रेमी एवं जनप्रतिनिधि भी भाग लेंगे।
आयोजकों के अनुसार इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) निर्धारित की गई है। इस थीम के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया जाएगा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि बढ़ती उम्र के साथ आने वाली अनेक शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं से भी बचाव करता है।
स्वामी कर्मवीर जी महाराज शिविर के दौरान योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं जीवनशैली से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। उनके सान्निध्य में प्रतिभागियों को योग की वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक उपयोगिता को समझने का अवसर मिलेगा। योग गुरु का मानना है कि वर्तमान समय में योग ही वह माध्यम है जो मनुष्य को तनाव, अवसाद और विभिन्न जीवनशैली जनित रोगों से मुक्ति दिला सकता है।
आधुनिक जीवनशैली और बढ़ते तनाव के कारण मधुमेह, उच्च रक्तचाप, अस्थमा, मोटापा तथा जोड़ों के दर्द जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित योगाभ्यास इन रोगों की रोकथाम और नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसी उद्देश्य से शिविर में स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष बल दिया जाएगा।
योग शिविर के साथ-साथ नागरिकों के स्वास्थ्य लाभ के लिए विश्वविद्यालय के योग विज्ञान विभाग में प्रतिदिन शाम 4 बजे से 6 बजे तक निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर भी लगाया जाएगा। इसमें विशेषज्ञ चिकित्सक लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देंगे तथा आवश्यक उपचार संबंधी जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने मेरठ और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों से इस स्वास्थ्य महायज्ञ में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है।
21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष योग सत्र का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसके साथ ही योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश भी दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय परिसर में होने वाला यह आयोजन मेरठ के सबसे बड़े योग कार्यक्रमों में से एक माना जा रहा है और इसे लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।