गन्ना किसान
मेरठ, 29 अक्टूबर। पेराई सत्र 2026-27 के लिए मेरठ परिक्षेत्र की 16 चीनी मिलों के संचालन का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। उप गन्ना आयुक्त यशपाल सिंह के अनुसार, मिलों में मरम्मत और अनुरक्षण का काम लगभग पूरा हो चुका है। विभागीय रोस्टर के मुताबिक, चीनी मिलों में पेराई 30 अक्टूबर से शुरू होकर 11 नवंबर 2026 तक चरणबद्ध ढंग से प्रारंभ होनी प्रस्तावित है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मलकपुर चीनी मिल में 30 अक्टूबर और मोदीनगर चीनी मिल में 31 अक्टूबर से पेराई शुरू होने की संभावना है। साबितगढ़ और बुलंदशहर चीनी मिलें 1 नवंबर से तथा मवाना, दौराला, नंगलामल, रमाला और अनामिका चीनी मिलें 2 नवंबर से शुरू होने का प्रस्ताव है।
सकौती चीनी मिल में 4 नवंबर से पेराई शुरू होनी है। किनौनी, बागपत और अनूपशहर चीनी मिलों में 5 नवंबर से संचालन प्रस्तावित है। मोहिउद्दीनपुर चीनी मिल 7 नवंबर से, जबकि सिम्भावली और बृजनाथपुर चीनी मिलें 11 नवंबर से पेराई शुरू कर सकती हैं।
उप गन्ना आयुक्त ने बताया कि समयबद्ध तरीके से मिलों का संचालन शुरू होने से गन्ना आपूर्ति व्यवस्था को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। इससे किसानों को अपनी गन्ना आपूर्ति के साथ खेत खाली करने और अगली फसल की बुवाई की योजना बनाने में भी सुविधा होगी।
विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी गन्ना पर्चियों, इंडेंट और विभागीय सूचनाओं पर नियमित नजर रखें। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही गन्ने की कटाई, छिलाई और आपूर्ति की योजना बनाएं। गन्ना तौल, परिवहन और मिल गेट पर व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के लिए विभागीय अधिकारियों और चीनी मिल प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
किसानों को गन्ने की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने तथा आपूर्ति संबंधी विभागीय निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। गन्ना आपूर्ति की नवीनतम जानकारी के लिए किसान ई-गन्ना ऐप, विभागीय पोर्टल तथा अपनी गन्ना समिति या चीनी मिल के कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं।