डिफेंस कॉलोनी में हुई चोरी का खुलासा करते एसएसपी बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति
मेरठ। गंगानगर थाना क्षेत्र की डिफेंस कॉलोनी में घर से कीमती सामान चोरी होने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घर में काम करने वाली महिला ने मकान मालिक की मां को कथित तौर पर जहरीला पदार्थ देकर बेहोश किया और इसके बाद घर से आभूषण, पुराने सिक्के तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आशुतोष भल्ला की तहरीर पर 26 अक्टूबर को गंगानगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना गंगानगर पुलिस, स्वाट टीम प्रथम और स्वाट टीम देहात ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जितेन्द्र कुमार, रोशनी ओराओन, मनीष कुमार उर्फ मन्नू और मीनू को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीली और सफेद धातु के विभिन्न आभूषण, प्राचीन धातु मुद्रा तथा पुराने देशी-विदेशी सिक्के बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद आभूषणों और सिक्कों का अनुमानित मूल्य करीब दो करोड़ रुपये है। इसके अलावा 3 लाख 50 हजार रुपये नकद और 500 रुपये के 12 पुराने नोट भी मिले हैं, जिनकी कुल कीमत 6 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह कुल नकद बरामदगी 3 लाख 56 हजार रुपये की है।

पुलिस ने चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है। बरामदगी और विवेचना के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) और 61(2)(क) भी जोड़ी गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों में जितेन्द्र कुमार मेरठ के सरधना क्षेत्र के कपसाड़ गांव का निवासी है। रोशनी ओराओन पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के नागराकाटा की रहने वाली है। मनीष कुमार उर्फ मन्नू सहारनपुर जिले के देवबंद क्षेत्र के रणखंडी गांव और मीनू हरियाणा के करनाल जिले के ब्रास गांव की निवासी बताई गई है।