चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय स्थित सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में प्रबुद्ध सम्मेलन एवं विकास प्रदर्शनी
मेरठ। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय स्थित सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में प्रबुद्ध सम्मेलन एवं विकास प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री कृष्ण कुमार गुर्जर ने शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है और देश विकास, विश्वास तथा जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत विकास प्रदर्शनी के अवलोकन के साथ हुई। केंद्रीय राज्य मंत्री, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भ्रमण किया और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला कल्याण, रोजगार, स्वच्छता एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।
प्रधानमंत्री की कार्यशैली का मूल मंत्र है ‘नेशन फर्स्ट’
प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री श्री कृष्ण कुमार गुर्जर ने कहा कि विकास एक सतत प्रक्रिया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की कार्यशैली का मूल मंत्र ‘नेशन फर्स्ट’ है, जिसके तहत देशहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं। इसी का परिणाम है कि करोड़ों लोगों के जीवन स्तर में सुधार आया है और देश गरीबी उन्मूलन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत और स्वनिधि योजना की उपलब्धियां गिनाईं
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला है। स्वच्छ भारत मिशन ने देश में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया और व्यापक स्तर पर शौचालय निर्माण कर खुले में शौच की समस्या को कम किया गया।
उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया गया है। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को आरक्षण देकर सामाजिक न्याय को मजबूती प्रदान की गई है।
विकास और विरासत दोनों को दिया गया समान महत्व
श्री कृष्ण कुमार गुर्जर ने कहा कि केंद्र सरकार ने विकास और विरासत दोनों को समान महत्व दिया है। देश के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण, संवर्धन और जीर्णोद्धार के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया गया है। इसके चलते लोगों का अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के प्रति आकर्षण बढ़ा है तथा धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कार्यालय को जनसेवा से जोड़ते हुए शासन व्यवस्था को अधिक जन-केंद्रित और जवाबदेह बनाया गया है।
‘वन नेशन-वन टैक्स’ और ‘वन राशन कार्ड’ से मिली सुविधा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जीएसटी लागू कर ‘वन नेशन-वन टैक्स’ की अवधारणा को साकार किया गया, जिससे कर व्यवस्था को सरल और पारदर्शी बनाया गया। वहीं ‘वन नेशन-वन राशन कार्ड’ योजना के माध्यम से देशभर में पात्र लाभार्थियों को कहीं भी राशन प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल कर रही है, जिससे प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी और संसाधनों की बचत होगी।
गरीबों और किसानों के लिए चलाई जा रही हैं अनेक योजनाएं
केंद्रीय मंत्री ने मातृ वंदना योजना का जिक्र करते हुए बताया कि पहली बच्ची के जन्म पर 5 हजार रुपये और दूसरी बच्ची के जन्म पर 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का स्पष्ट मानना है कि देश के संसाधनों पर पहला अधिकार गरीबों का है।
उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि करोड़ों किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता भेजी गई है, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिली है।
उत्तर प्रदेश आज संभावनाओं का सबसे बड़ा प्रदेश: डॉ. सोमेन्द्र तोमर
कार्यक्रम में मौजूद उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेन्द्र तोमर ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य के रूप में देखा जाता था, लेकिन आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश का सबसे अधिक संभावनाओं वाला प्रदेश बन चुका है।
उन्होंने कहा कि भारत तब विकसित होगा जब उत्तर प्रदेश विकसित होगा। मेरठ की पहचान केवल क्रांति नगरी तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां खेल विश्वविद्यालय का निर्माण हो रहा है, जिससे मेरठ खेल नगरी के रूप में भी स्थापित हो रहा है। उन्होंने कहा कि मेरठ में बनने वाले खेल उत्पाद देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अपनी पहचान बना रहे हैं।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेन्द्र तोमर, मेरठ महापौर हरिकांत अहलूवालिया, मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
प्रबुद्ध सम्मेलन एवं विकास प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।