मृतक सनी उर्फ लाला (फाइल फोटो)
मेरठ #ANN टीपीनगर थाना क्षेत्र में शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद एक युवक की चाकू से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सनी उर्फ सागर (18) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके दोस्त विशाल (26) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब चार बजे विशाल सनी को अपने साथ लेकर गया था। विशाल ने टीपीनगर क्षेत्र में किराए पर एक कमरा लिया हुआ था और वह करीब एक साल से वहां आता-जाता था। सोमवार देर रात कमरे में दोनों ने शराब पी। इसी दौरान उनके बीच विवाद हो गया। पुलिस का आरोप है कि झगड़े के दौरान विशाल ने चाकू से सनी के सीने पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी कथित तौर पर सनी के शव को कमरे में छोड़कर बाहर से ताला लगाकर चला गया। मंगलवार सुबह नशा उतरने पर उसने अपने परिवार को घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह अपनी मां के साथ बहसूमा थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
सूचना मिलने पर टीपीनगर पुलिस आरोपी को लेकर घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने कमरे का ताला खुलवाया और निरीक्षण के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आरोपी की निशानदेही पर चाकू बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, सनी और विशाल दोनों राजमिस्त्री का काम करते थे। सनी अविवाहित था, जबकि विशाल शादीशुदा है। शुरुआती जांच में पुलिस को हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद होने की आशंका है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और विवाद की वास्तविक वजह तथा वारदात से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
टीपीनगर इंस्पेक्टर अतुल कुमार के अनुसार, विशाल सोमवार शाम सनी को अपने साथ कमरे पर ले गया था। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।