मेरठ मंडल में जनगणना की तैयारियां तेज करने के निर्देश
मेरठ, 25 नवंबर 2026। ANN जनगणना-2027 की तैयारियों एवं स्वगणना की प्रगति को लेकर उत्तर प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव एवं जनगणना नोडल अधिकारी अभिषेक प्रकाश ने बुधवार को मेरठ मंडल के सभी जनपदों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने जनगणना की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा स्वगणना की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान सचिव ने आगामी पांच दिनों में स्वगणना की प्रगति में अधिकतम सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जनपदों में व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित कर अधिक से अधिक लोगों को स्वगणना प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर दिया।
उन्होंने निर्देश दिए कि 26 से 30 नवंबर 2026 के बीच जनगणना कार्य में तैनात सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के मोबाइल फोन में निर्धारित संशोधित प्रक्रिया के अनुसार पीई (पॉपुलेशन एन्यूमरेशन) ऐप अनिवार्य रूप से इंस्टॉल कराया जाए।
जनगणना नोडल अधिकारी ने बताया कि आगामी एक दिसंबर 2026 से प्रारंभ होने वाली जनसंख्या गणना प्रक्रिया के अंतर्गत प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार एवं व्यक्ति से संबंधित जानकारी संकलित करेंगे। ऐसे में सभी संबंधित कार्मिकों के मोबाइल फोन में समय से पीई ऐप इंस्टॉल होना आवश्यक है, ताकि जनगणना कार्य के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी बाधा उत्पन्न न हो।
उन्होंने मेरठ मंडल के सभी जनपदों के संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही जनगणना-2027 की तैयारियों को समयबद्ध, व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
जनपद जनगणना कार्यालय मेरठ के अनुसार स्वगणना में जनसहभागिता बढ़ाने तथा जनसंख्या गणना की तैयारियों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।