मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर मंडलायुक्त ने की समीक्षा बैठक
मेरठ 25 नवंबर 2026। विकास भवन सभागार में बुधवार को मेरठ मंडल के आयुक्त एवं रोल प्रेक्षक भानु चंद्र गोस्वामी ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के संबंध में जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की प्रगति और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को किया जा चुका है। आगामी 16 दिसंबर तक पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में पंजीकरण के संबंध में दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। भारत निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
मंडलायुक्त ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के लिए जिले के सभी 2874 मतदान स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की तैनाती की गई है। बीएलओ द्वारा प्रतिदिन प्राप्त होने वाले आवेदनों का डिजिटलीकरण किया जाएगा। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों की जानकारी प्रारूप-9, 10, 11, 11ए और 11बी के माध्यम से जिले की वेबसाइट पर सार्वजनिक करने के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
बैठक में बताया गया कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के माध्यम से नागरिकों को जागरूक करने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। प्रशिक्षण स्थलों की जानकारी जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दी गई है। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को लेकर विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं।
जिले में 28 और 29 नवंबर 2026 को विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान मतदान केंद्रों पर तैनात अधिकारी सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक उपस्थित रहकर मतदाता पंजीकरण से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।
बैठक में विधायक रफीक अंसारी, भाजपा मेरठ महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, मुख्य विकास अधिकारी संदीप कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन विजय वर्धन तोमर सहित जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।