मेरठ में भारी वाहनों के प्रवेश पर कल से प्रतिबंध
मेरठ। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाने तथा आम नागरिकों को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए मेरठ यातायात पुलिस ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक यातायात राजीव कुमार श्रीवास्तव ने जनपद के ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं भारी वाहन स्वामियों तथा चालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 27 नवंबर 2026 से प्रातः 10 बजे से रात्रि आठ बजे तक ट्रैक्टर-ट्रॉली, रोड़ी-डस्ट एवं गन्ने से भरे ट्रॉला वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए पांच स्थानों पर चेक प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं।
इनमें सरधना रोड स्थित नानू पुल, गढ़ रोड स्थित काली नदी, मवाना रोड स्थित गंगानगर, हापुड़ रोड से बिजली बम्बा तक तथा रोहटा रोड से बागपत रोड तक के क्षेत्र शामिल हैं। निर्धारित चेक प्वाइंटों पर यातायात पुलिस द्वारा वाहनों की चेकिंग की जाएगी। प्रतिबंधित समयावधि में संबंधित वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
गन्ने से भरे ट्रॉला वाहनों को रात्रि आठ बजे से प्रातः आठ बजे तक ही शहर में प्रवेश की अनुमति रहेगी। इसके अतिरिक्त समय में इन वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस अधीक्षक यातायात राजीव कुमार श्रीवास्तव ने सभी वाहन स्वामियों एवं चालकों को निर्धारित समयावधि और यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात पुलिस का सहयोग करने की भी अपील की, ताकि शहर में जाम की समस्या को कम किया जा सके और आम नागरिकों को सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।