बैंकॉक में विक्रमादित्य सिंह मलिक ने प्रस्तुत किया भारत का दृष्टिकोण
मेरठ, 26 नवंबर 2026। मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं संभागीय खाद्य नियंत्रक, मेरठ, आईएएस अधिकारी विक्रमादित्य सिंह मलिक ने थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित संयुक्त राष्ट्र की क्षेत्रीय कार्यशाला में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए सर्कुलर इकोनॉमी पर देश का दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। भारत सरकार ने उन्हें इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला में देश का पक्ष रखने के लिए नामित किया था।
बैंकॉक स्थित संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन केंद्र में 25 से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य 3R यानी संसाधनों का कम उपयोग, पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण तथा सर्कुलर इकोनॉमी से संबंधित जयपुर घोषणा (2025–2035) को प्रभावी ढंग से लागू करना है।
कार्यशाला का आयोजन संयुक्त राष्ट्र क्षेत्रीय विकास केंद्र (UNCRD), संयुक्त राष्ट्र एशिया-प्रशांत आर्थिक एवं सामाजिक आयोग (UN ESCAP) और यूएनडीपी इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इसमें दक्षिण एशिया, दक्षिण-पूर्व एशिया और पूर्वी एशिया के विभिन्न देशों के मंत्रालयों, स्थानीय सरकारों, संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियों, शिक्षण संस्थानों एवं निजी क्षेत्र के प्रतिनिधि प्रतिभाग कर रहे हैं।

कार्यशाला का उद्देश्य मार्च 2025 में जयपुर में आयोजित 12वें क्षेत्रीय 3R एवं सर्कुलर इकोनॉमी फोरम में अपनाई गई जयपुर घोषणा को विभिन्न देशों और शहरों की नीतियों, कार्यक्रमों एवं साझेदारियों के माध्यम से धरातल पर लागू करना है।
आईएएस विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अपने संबोधन में सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देने के लिए भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न नीतियों और योजनाओं की जानकारी दी। इनमें विभिन्न क्षेत्रों के लिए सर्कुलर इकोनॉमी कार्ययोजनाएं, विस्तारित उत्पादक उत्तरदायित्व (EPR), स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 तथा मिशन लाइफ (LiFE) प्रमुख रूप से शामिल रहे। उन्होंने इन नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन में शहरों और स्थानीय निकायों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
गाजियाबाद के नगर आयुक्त के रूप में अपने कार्यकाल के अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, जल पुनर्चक्रण, अपशिष्ट प्रबंधन और संसाधनों के पुनः उपयोग से संबंधित अभिनव परियोजनाओं की जानकारी अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के समक्ष रखी।
उन्होंने गाजियाबाद में स्थापित 40 एमएलडी क्षमता वाले टर्शियरी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का उल्लेख किया, जिसके माध्यम से 1,100 से अधिक औद्योगिक इकाइयों को शोधित जल उपलब्ध कराया जाता है। इस परियोजना के लिए देश के पहले प्रमाणित ग्रीन म्युनिसिपल बॉन्ड के माध्यम से धनराशि जुटाई गई थी। इस परियोजना को ग्लोबल वॉटर अवॉर्ड्स 2025 में भी सम्मानित किया गया।
उन्होंने बताया कि गाजियाबाद उत्तर प्रदेश का पहला नगर निकाय है, जिसने कार्बन क्रेडिट परियोजनाओं का पंजीकरण कराया है। इसके अतिरिक्त ब्लूमबर्ग फिलैंथ्रोपीज मेयर्स चैलेंज 2025–26 में विजेता रही पहल के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा गोबर से छतों के लिए जैविक सफेद पेंट तैयार किया जा रहा है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ महिला सशक्तीकरण को भी बढ़ावा दे रही है।
गाजियाबाद में स्थापित 50 आरआरआर केंद्रों, आरआरआर मोबाइल वैन तथा आरआरआर वेल-बीइंग सेंटर की जानकारी भी कार्यशाला में साझा की गई। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित ग्लास अपसाइक्लिंग प्लांट, प्लास्टिक कचरे से पाइप निर्माण, वेस्ट टू वंडर पार्क और सामुदायिक कम्पोस्टिंग जैसी पहलों को प्रस्तुत किया गया।
विक्रमादित्य सिंह मलिक ने देश के पहले एसटीपी आधारित बायो-सीएनजी प्लांट की स्थापना के लिए किए गए समझौते का भी उल्लेख किया। उन्होंने पुराने कूड़ा स्थलों को मियावाकी पद्धति से विकसित हरित क्षेत्रों और 193 हरित नर्सरियों में परिवर्तित करने की जानकारी दी।
संयुक्त राष्ट्र के इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की पर्यावरणीय नीतियों के साथ उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में किए गए अभिनव प्रयासों को प्रस्तुत किया जाना सतत शहरी विकास, संसाधन संरक्षण और सर्कुलर इकोनॉमी की दिशा में स्थानीय निकायों की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है।