उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य
मेरठ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान में संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित सामाजिक समरसता संकल्प यात्रा एवं महासभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कानून-व्यवस्था, महिला आरक्षण, रोजगार और विकास के मुद्दों पर विपक्ष को घेरा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में गुंडागर्दी और बेईमानी का माहौल था, जबकि भाजपा सरकार में दंगों पर लगाम लगी है और प्रदेश में शांति स्थापित हुई है। चुनावी अंदाज में उन्होंने कहा कि कमल का बटन दबाओगे तो खुशहाली आएगी और साइकिल का बटन दबाओगे तो गुंडे-बदमाश आएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में उद्योग लगेंगे और युवाओं को रोजगार मिलेगा, जबकि सपा सत्ता में आई तो कट्टा और बम का उद्योग लगाएगी।
केशव प्रसाद मौर्य ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव और दिल्ली में राहुल गांधी के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव केवल सैफई के प्रधान बनने लायक रह जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता एक बार फिर भाजपा को सत्ता में लाएगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार और बेहतर कानून-व्यवस्था साथ-साथ संभव नहीं हैं। उत्तर प्रदेश की जनता दोबारा गुंडागर्दी का माहौल स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता सपा को सत्ता में लौटने का अवसर नहीं देगी।
मथुरा के मुद्दे पर अखिलेश यादव को घेरते हुए मौर्य ने आरोप लगाया कि सपा प्रमुख मुस्लिम मतदाताओं की नाराजगी के डर से भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा का नाम लेने से भी बचते हैं। उन्होंने अखिलेश यादव को मथुरा जाकर भगवान श्रीकृष्ण के वंशज होने के नाते कारसेवा करने की चुनौती भी दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरे विश्व में भारत का डंका बज रहा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइल का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार की रक्षा एवं सुरक्षा नीतियों की प्रशंसा की। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने आतंकी हमलों का करारा जवाब देकर देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है।
महिला आरक्षण का मुद्दा उठाते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर महिला आरक्षण का विरोध करने का आरोप लगाया। श्रमिकों के सम्मान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के निर्माण में योगदान देने वाले श्रमिकों का सम्मान किया है।
उप मुख्यमंत्री ने संत शिरोमणि रविदास महाराज के विचारों को सामाजिक समानता, भाईचारे और समरसता का आधार बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार संत रविदास के आदर्शों को साकार करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने मेरठ नगर निगम की ओर से संत रविदास के नाम पर एक विशाल भवन का नामकरण करने तथा जल्द ही उनकी विशाल प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की। संबोधन के बाद उप मुख्यमंत्री ने संत रविदास महाराज की चरण पादुका सिर पर रखकर सामाजिक समरसता संकल्प यात्रा में सहभागिता की।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सामाजिक समरसता संकल्प यात्रा के संयोजक लाल सिंह आर्य ने कहा कि संत-महात्माओं के विचार समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि संत रविदास महाराज की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी कलश में लेकर यह यात्रा निकाली गई है। उन्होंने कहा कि जालंधर के एयरपोर्ट का नाम संत रविदास के नाम पर रखा गया है। देशभर के 51 हजार मंदिरों में संत रविदास के चित्र स्थापित कर दीपोत्सव किया गया है। जालंधर से प्रारंभ हुई यह यात्रा गुरुवार को मेरठ पहुंची, जिसका समापन 20 फरवरी को होगा।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. सोमेंद्र तोमर, राज्य मंत्री दिनेश खटीक, सांसद अरुण गोविल, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, क्षेत्रीय प्रभारी रामप्रताप सिंह चौहान, क्षेत्रीय महामंत्री संजीव गोयल सिक्का, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज एवं अश्वनी त्यागी, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, पूर्व विधायक सत्यवीर त्यागी, मेरठ-बागपत जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन मनिंदरपाल सिंह, जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, महानगर मीडिया प्रभारी अमित शर्मा सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।