मेरठ सिटी स्टेशन पर उमड़ा अभ्यर्थियों का जनसैलाब
मेरठ। यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के चलते मेरठ में अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। परीक्षा केंद्रों के साथ-साथ रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर भी अभ्यर्थियों का दबाव साफ दिखाई दे रहा है। परीक्षा समाप्त होने के बाद मेरठ सिटी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ के कारण अफरा-तफरी जैसे हालात बन गए।
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए मेरठ में 48 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां तीन दिनों तक छह पालियों में परीक्षा आयोजित की जा रही है। जिले में प्रतिदिन करीब 40 हजार अभ्यर्थियों के आने-जाने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी,बायोमेट्रिक सत्यापन और कंट्रोल रूम की व्यवस्था की गई है।
इसी बीच परीक्षा की एक पाली समाप्त होने के बाद मेरठ सिटी रेलवे स्टेशन पर अभ्यर्थियों और यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर दिल्ली की ओर जाने वाली मदुरई एक्सप्रेस के पहुंचते ही ट्रेन में चढ़ने के लिए लोगों में होड़ मच गई। बड़ी संख्या में मौजूद अभ्यर्थी और यात्री कोचों में जगह बनाने के लिए एक-दूसरे को धक्का देते नजर आए। भीड़ के दबाव के चलते प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान कई यात्रियों का सामान छूट गया, किसी का बैग पीछे रह गया तो किसी की हाथ की घड़ी टूटने की जानकारी सामने आई।
ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल के जवान तुरंत सक्रिय हो गए। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए यात्रियों और अभ्यर्थियों से संयम बनाए रखने की अपील की। हालांकि कई लोगों ने रेलवे प्रशासन और स्टेशन प्रबंधन पर पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने का आरोप भी लगाया। करीब पांच मिनट के निर्धारित ठहराव के बाद मदुरई एक्सप्रेस दिल्ली की ओर रवाना हो गई, लेकिन स्टेशन पर यात्रियों और अभ्यर्थियों की भारी भीड़ बनी रही। बड़ी संख्या में लोग अगली ट्रेनों का इंतजार करते दिखाई दिए। भर्ती परीक्षा के चलते आगामी दिनों में भी रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर इसी तरह का दबाव बने रहने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल प्रशासन और पुलिस लगातार व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि भर्ती परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।