प्रधानाचार्यों की एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न..
मेरठ, 25 अगस्त 2026। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, उत्तर प्रदेश के प्रादेशिक मुख्यालय एवं प्रादेशिक मुख्य आयुक्त डॉ. प्रभात कुमार, आईएएस (सेवानिवृत्त) के दिशा-निर्देशन में जनपद मेरठ में प्रधानाचार्य कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला में लगभग 150 माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं कुछ प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया, जिसका संचालन संचालन जिला सचिव डॉ. गौरव पाठक द्वारा किया गया।
कार्यशाला के उद्घाटन अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्य आयुक्त रेखा शर्मा ने उपस्थित प्रधानाचार्यों एवं पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए विद्यालयों में स्काउट-गाइड गतिविधियों को सुचारू एवं प्रभावी रूप से संचालित करने का आह्वान किया एवं संस्था की वार्षिक उपलब्धियों से अवगत कराया। उन्होंने BSG ज्ञान प्रतियोगिता में सभी विद्यालयों से शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करने तथा प्रादेशिक मुख्यालय द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त अमित कुमार ने प्रदेश द्वारा निर्धारित लक्ष्यों, सर्वोत्तम पुरस्कार, चीफ कमिश्नर फेलोशिप, वेलफेयर डोनर तथा शीतलखेत, अल्मोड़ा में आयोजित होने वाले एडवेंचर कार्यक्रम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रधानाचार्यों से आह्वान किया कि अधिक से अधिक संख्या में स्काउट-गाइड बच्चों को शीतलखेत एडवेंचर कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित करें तथा स्वयं भी कार्यक्रमों में सहभागिता करें। जिला आयुक्त सुशील कुमार शर्मा जिला आयुक्त गाइड बृजेश ने स्काउट-गाइड गतिविधियों को विद्यालय स्तर पर बढ़ावा देने तथा आगामी जनपद रैली एवं मंडलीय रैली के संबंध में विचार एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यशाला के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं में जिला कार्यालय के समस्त कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर जिला संगठन आयुक्त स्काउट सोमेंद्र, पूनम चौधरी, जिला प्रशिक्षण आयुक्त ज्योति उपाध्याय एवं सोनू कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यशाला के माध्यम से प्रधानाचार्यों को स्काउट-गाइड गतिविधियों के विस्तार, विद्यार्थियों की अधिकतम सहभागिता तथा प्रदेश द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का समापन सकारात्मक वातावरण एवं आगामी गतिविधियों को सफल बनाने के संकल्प के साथ हुआ।