दुष्कर्म के प्रयास का वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का आरोप, पुल से गिरकर हुआ घायल, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद
मेरठ। ANN
मेरठ की लोहिया नगर थाना पुलिस ने दुष्कर्म के प्रयास एवं एससी-एसटी एक्ट के मामले में वांछित आरोपी सलमान को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की और भागने के प्रयास में पुल से नीचे गिरकर घायल हो गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए पीएल शर्मा जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबी जीटीएस मूर्ति के आदेश एवं पुलिस अधीक्षक नगर विनायक गोपाल भोसले के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को लोहिया नगर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सदर बाजार थाने में दर्ज दुष्कर्म के प्रयास एवं एससी-एसटी एक्ट के मामले में वांछित आरोपी ग्राम नारहेड़ा के पास निर्माणाधीन अंडरपास के निकट छिपा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी की घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। इसी दौरान आरोपी ने पुल पर चढ़कर भागने का प्रयास किया और नीचे गिर गया, जिससे उसके दाहिने पैर एवं बाएं हाथ में चोटें आईं।
पुलिस ने घायल आरोपी सलमान पुत्र इमामुद्दीन, उम्र 29 वर्ष, निवासी शाहपुर जैननगर, थाना रोहटा, जनपद मेरठ को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस एवं एक खोखा कारतूस बरामद करने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध मेरठ और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में चार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, दुष्कर्म के प्रयास, धोखाधड़ी, कूटरचना एवं एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के मामले शामिल हैं। पुलिस प्रकरण में आवश्यक साक्ष्य एकत्रित कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में लोहिया नगर थाना प्रभारी, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, अक्षय शर्मा, महाराज सिंह, शेखर गुप्ता, सदर बाजार थाने के उपनिरीक्षक शिवा उपाध्याय एवं उनकी टीम सहित हेड कांस्टेबल विकासवीर और रविन्द्र सिंह शामिल रहे