कलानिधि नैथानी (डी आई जी मेरठ परिक्षेत्र)
मेरठ, 29 अक्टूबर। मेरठ परिक्षेत्र के मेरठ, हापुड़, बागपत और बुलंदशहर जिलों में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। परिक्षेत्र पुलिस की ओर से जारी विवरण के मुताबिक, इन कार्रवाइयों में मादक पदार्थ, अवैध हथियार, चोरी का विद्युत तार, पटाखे और हत्या से जुड़े मामलों में गिरफ्तारी तथा बरामदगी की गई।
हापुड़ देहात पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध गांजा बरामद किया। हापुड़ के बाबूगढ़ थाने की पुलिस ने करीब चार माह पहले आरिफपुर मढ़ैया गांव में हुई पशु चोरी की घटना में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। उनके पास से अवैध असलहे बरामद किए गए।
बागपत के दोघट थाने की पुलिस, स्वाट टीम और गौतमबुद्धनगर एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, उनके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध तमंचा, तीन जिंदा और दो खोखा कारतूस बरामद हुए। बिनौली पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए।
बुलंदशहर के ककोड़ थाना पुलिस और स्वाट टीम ने विद्युत तार चोरी के आरोप में आठ लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से छह क्विंटल चोरी का एल्यूमिनियम तार, तीन तार कटर, दो अवैध असलहे और कारतूस, दो चाकू, एक लोडर तथा घटना में इस्तेमाल की गई एक स्विफ्ट कार बरामद की गई। सिकंदराबाद पुलिस ने हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे या निशानदेही पर कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल किया गया गमछा, घटना में प्रयुक्त बस, मृतक का मोबाइल फोन और टिफिन बरामद किया।
मेरठ के गंगानगर में घर की महिला को कथित तौर पर जहरीला पदार्थ देकर चोरी करने के मामले में पुलिस और स्वाट टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चोरी के आभूषण, प्राचीन तथा देशी-विदेशी सिक्के बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा 3.56 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए। पुलिस ने चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है।
मेरठ के लोहियानगर थाने की पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। कोतवाली पुलिस ने ‘ऑपरेशन शस्त्र’ के तहत एक आरोपी को अवैध तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, टीपीनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन किलोग्राम गांजा और 331 ग्राम चरस बरामद की।
हापुड़ के बहादुरगढ़ थाने की पुलिस ने अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उसके पास से चार कार्टून पटाखे बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये है। सभी मामलों में पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की है।