आईआईटी रुड़की एवं शोभित विश्वविद्यालय के बीच शैक्षणिक सहयोग को लेकर एम ओ यू
मेरठ/रुड़की। उच्च शिक्षा, अनुसंधान और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शोभित इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), मेरठ और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक सहयोग को मजबूत करना और विद्यार्थियों तथा शोधार्थियों के लिए नए अवसर विकसित करना है।
इस अवसर पर शोभित विश्वविद्यालय, मेरठ के कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.के. त्यागी, प्रो-कुलपति प्रो. (डॉ.) जयानंद और कुलसचिव डॉ. पंकज राणा उपस्थित रहे। आईआईटी रुड़की की ओर से संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) के.के. पंत, डीन (रिसर्च) प्रो. (डॉ.) विवेक कुमार मलिक और प्रो. नवानी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के कुलपति प्रो. (डॉ.) बूटा सिंह सिद्धू और कुलसचिव डॉ. महिपाल सिंह भी शामिल हुए। उनकी उपस्थिति शोभित विश्वविद्यालय के मेरठ और गंगोह परिसरों के बीच शैक्षणिक तथा अनुसंधान सहयोग को आगे बढ़ाने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
एमओयू के तहत उच्च शिक्षा, अनुसंधान एवं विकास, नवाचार, प्रशिक्षण, परामर्श सेवाओं और संस्थागत क्षमता निर्माण के क्षेत्रों में सहयोग के लिए रूपरेखा तैयार की जाएगी। दोनों संस्थान संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं, शैक्षणिक गतिविधियों, अंतर्विषयक शोध और शैक्षणिक पद्धतियों के आदान-प्रदान की संभावनाओं पर काम करेंगे।
प्रस्तावित सहयोग में पीएचडी शोधार्थियों का संयुक्त मार्गदर्शन, शोध पत्रों का संयुक्त प्रकाशन, प्रायोजित अनुसंधान परियोजनाएं, विद्यार्थियों की इंटर्नशिप और नवाचार परियोजनाएं शामिल हैं। इसके साथ ही स्टार्टअप इनक्यूबेशन और उद्यमिता विकास को प्रोत्साहित करने, पाठ्यक्रमों को बेहतर बनाने तथा प्रयोगशालाओं और अनुसंधान सुविधाओं के साझा उपयोग की संभावनाएं भी तलाश की जाएंगी।
समझौते के अंतर्गत संकाय विकास कार्यक्रम, सम्मेलन, कार्यशालाएं, विशेषज्ञ व्याख्यान और व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने में भी सहयोग किया जा सकता है। इन गतिविधियों और परियोजनाओं को दोनों संस्थानों की आपसी सहमति से विकसित एवं क्रियान्वित किया जाएगा।