इंदिरा चौक पर इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता।
मेरठ। इंदिरा गांधी की 42वीं पुण्यतिथि और सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी ने संयुक्त रूप से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। शनिवार, 31 अक्टूबर को इंदिरा चौक स्थित इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर कांग्रेसजनों ने माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर दोनों नेताओं को नमन किया।
जिला अध्यक्ष गौरव भाटी और महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा के संयोजन में हुए कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों विभूतियों के आदर्शों पर चलने तथा देश की एकता, अखंडता, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्षरत रहने का संकल्प लिया।
इंदिरा गांधी के नेतृत्व और सरदार पटेल के योगदान को किया याद
महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा ने कहा कि इंदिरा गांधी ने अपने दृढ़ नेतृत्व, साहसिक निर्णयों और जनकल्याणकारी नीतियों से देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत पहचान दिलाई। उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से सैकड़ों रियासतों के एकीकरण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। दोनों नेताओं का जीवन देश को प्रेरित करता रहेगा।
जिला अध्यक्ष गौरव भाटी ने कहा कि देश को इंदिरा गांधी के साहसिक नेतृत्व और सरदार पटेल की राष्ट्रवादी सोच से प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष किया है। कार्यकर्ता इन नेताओं के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएंगे।
लोकतंत्र और सामाजिक सद्भाव की रक्षा का आह्वान
कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा ने कहा कि इंदिरा गांधी दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और साहस की प्रतीक थीं। उन्होंने बैंकों के राष्ट्रीयकरण, हरित क्रांति को प्रोत्साहन और देश की सुरक्षा एवं संप्रभुता को मजबूत करने जैसे कदमों को उनके कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने राजनीतिक कुशलता और दृढ़ संकल्प से भारत को एक सूत्र में पिरोने में अहम योगदान दिया। वर्मा ने कांग्रेसजनों से लोकतंत्र, संविधान और देश की गंगा-जमुनी तहजीब की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डॉ. प्रदीप अरोड़ा, राकेश मिश्रा, मनिंदर सूद, अनिरुद्ध त्यागी, महेंद्र गुर्जर, आमिर रजा, संजय कटारिया, रीना शर्मा, सुशीला कोहली, मतीन अंसारी, अनिल अरोड़ा, चौधरी यशपाल सिंह, राकेश सिंह, अवनीश पवार, निसार अब्बासी, इकरामुद्दीन पार्षद, संदीप हांडा, पीयूष रस्तोगी, सौरभ दिवाकर, कुलदीप शर्मा, चौधरी शमसुद्दीन, केडी शर्मा, हरीश त्यागी, कुंज बिहारी सक्सेना, राकेश शर्मा, सबनूर खान, नरेंद्र चौधरी, हाजी इशरत और मासूम असगर सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे। अंत में सभी ने दोनों नेताओं के आदर्शों पर चलने और देश की एकता, अखंडता, लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा के लिए प्रयासरत रहने का संकल्प दोहराया।