भारतीय वैश्य संगम के द्विवार्षिक चुनाव एवं दीपावली मिलन समारोह में मंच पर उपस्थित मुख्य अतिथि, नवनिर्वाचित पदाधिकारी और अन्य गणमान्य अतिथि।
मेरठ। भारतीय वैश्य संगम, दिल्ली की वार्षिक आम सभा, द्विवार्षिक चुनाव और दीपावली मिलन समारोह शनिवार, 31 अक्टूबर को गढ़ रोड स्थित सात फेरे बैंक्वेट में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संगम के मुख्य संरक्षक एवं शोभित विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कुंवर शेखर विजेंद्र रहे। समारोह का शुभारंभ कुंवर शेखर विजेंद्र, मुकेश मित्तल, आशीष अग्रवाल, विपुल सिंघल और मुख्य चुनाव अधिकारी ई.सी.पी. गुप्ता एवं ई. सतीश चंद्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
नई कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित
द्विवार्षिक चुनाव मुख्य चुनाव अधिकारी ई.सी.पी. गुप्ता और ई. सतीश चंद्रा की देखरेख में संपन्न हुए। शुरुआत में मुकेश मित्तल को अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव आया, लेकिन उन्होंने व्यापारिक और पारिवारिक व्यस्तताओं के चलते यह जिम्मेदारी निभाने में असमर्थता जताई और विपुल सिंघल का नाम प्रस्तावित किया। सदस्यों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया।
इसके बाद विपुल सिंघल को अध्यक्ष, आशीष अग्रवाल को महामंत्री और नवीन अग्रवाल को कोषाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में मुकुल मित्तल, राघव गर्ग, आलोक रस्तोगी और डॉ. विशाल जैन चुने गए। निवर्तमान अध्यक्ष मुकेश मित्तल को मुख्य संरक्षक कुंवर शेखर विजेंद्र ने संस्था का संरक्षक मनोनीत किया।
जरूरतमंद परिवारों की सहायता का आह्वान
मुख्य अतिथि कुंवर शेखर विजेंद्र ने कहा कि वैश्य समाज की पहचान केवल व्यापार तक सीमित नहीं है। उद्यमशीलता, परिश्रम, ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी के माध्यम से समाज राष्ट्र की आर्थिक और सामाजिक उन्नति में योगदान देता है। उन्होंने कहा कि दीपावली दूसरों के जीवन में भी खुशी और उम्मीद का उजाला फैलाने का अवसर है। सक्षम परिवारों को चाहिए कि वे आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रहे जरूरतमंद परिवारों की पहचान कर उनकी सहायता करें।
उन्होंने समाज की शक्ति को एकता, परस्पर सहयोग और सेवा भावना में बताया। उनके अनुसार, जरूरतमंद लोगों को सहारा देने और आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों से समाज के साथ देश की प्रगति में भी योगदान दिया जा सकता है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष विपुल सिंघल ने कहा कि भारतीय वैश्य संगम का उद्देश्य वंचित और जरूरतमंद लोगों की पहचान कर उनकी आवश्यकताओं के अनुसार सहायता करना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सहयोग और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में संस्था की भूमिका सक्रिय बनाए रखने तथा सभी सदस्यों को साथ लेकर संगठन को मजबूत करने की बात कही। उन्होंने बताया कि संस्था का संगठनात्मक विस्तार देश के 16 प्रदेशों और 11 अन्य देशों तक है।
सदस्यों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच
समारोह में डॉ. सोमिल गुप्ता के नेतृत्व में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। शिविर में उपस्थित सदस्यों की रक्त संबंधी विभिन्न जांचें निःशुल्क की गईं। कार्यक्रम का संचालन विपुल सिंघल ने किया। अंत में मुकुल सिंघल ने अतिथियों और उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर राजेंद्र कुमार, अशोक अग्रवाल, एम.एस. जैन, सतनारायण गुप्ता, पीयूष आयुष गुप्ता, विकास गुप्ता, अनुपमा रस्तोगी, रुचि गुप्ता, अशोक गोयल, अरविंद गुप्ता और आशीष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।