96वें जन्मदिन पर बीच में बैठी आर्य समाज थापर नगर की पूर्व प्रधान श्रीमती कैलाश सोनी के साथ उनकी सहेलियां और विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
मेरठ। स्त्री आर्य समाज थापर नगर की पूर्व प्रधान श्रीमती कैलाश सोनी के 96वें जन्मदिन पर उनका अभिनंदन किया गया। उन्होंने जीवन के 95 वर्ष पूरे कर 96वें वर्ष में प्रवेश किया। कार्यक्रम में आर्य समाज के सदस्यों और उपस्थित लोगों ने उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की। स्त्री आर्य समाज की ओर से उन्हें शॉल और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जन्मदिन के अवसर पर विशेष आहुतियां प्रदान की गईं। प्रसिद्ध आर्य भजनोपदेशक पंडित अजय आर्य ने मधुर भजनों के माध्यम से ईश्वर भक्ति का संदेश दिया और श्रीमती कैलाश सोनी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उनके प्रेरणास्पद भजनों ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आर्य समाज थापर नगर के प्रधान राजेश सेठी ने वेद मंत्रों के माध्यम से श्रीमती सोनी के स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना की। स्त्री आर्य समाज की प्रधान श्रीमती प्रीति सेठी ने उनके जीवन में किए गए कार्यों और समाज को दिए गए मार्गदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्रीमती सोनी ने अपने कुशल नेतृत्व और उत्साह से मेरठ जनपद के आर्यजनों को मार्गदर्शन दिया है।
श्रीमती कैलाश सोनी ने उपस्थित लोगों को आशीर्वाद दिया और आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। राम संकीर्तन मंडल, लालकुर्ती की ओर से सुरेश छाबड़ा ने भी उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर श्रीमती कमलेश चांदना, शोभा मलिक, सुमन आनंद, चांद ग्रोवर, उषा सचदेवा, कुसुम वडेरा, सुनीता बत्रा, मनीष शर्मा, अशोक सुधाकर, हरवीर सुमन और राजीव सोनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।