हापुड़ अड्डे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 72 ई-रिक्शा सीज
पुलिस अधीक्षक यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में चला विशेष अभियान, संयुक्त टीम ने हटाया अतिक्रमण
मेरठ। ANN
शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुचारू बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को मेरठ पुलिस ने हापुड़ अड्डा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में एआरटीओ, नगर निगम एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़कों से अतिक्रमण हटवाते हुए 72 ई-रिक्शा सीज किए।
अभियान के दौरान सड़कों एवं सार्वजनिक मार्गों पर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण को हटवाया गया, जिससे वाहनों एवं पैदल यात्रियों का आवागमन सुचारू हो सके। इसके साथ ही संयुक्त टीम ने ई-रिक्शा के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाते हुए कार्रवाई की।

पुलिस अधीक्षक यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में जाम की समस्या को कम करना, यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराना तथा आमजन को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना रहा।
मेरठ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें। वाहन चालक अपने वाहनों को निर्धारित स्थानों पर ही खड़ा करें, ताकि अन्य लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।

पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नागरिकों से पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की है।