मेरठ के मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित एसएमसीटी 2026 खेल समारोह का शुभारंभ करते मेडिकल प्राचार्य आर सी गुप्ता
मेरठ। लाला लाजपत राय स्मारक (एलएलआरएम) मेडिकल कॉलेज के स्टेडियम में गुरुवार, 29 अक्टूबर को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता एसएमसीटी-2026 का उत्साह और भव्यता के साथ शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर.सी. गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। गेल गैस लिमिटेड के सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन प्रोजेक्ट के महाप्रबंधक एवं अधिकारी प्रभारी विनय कुमार सहित अन्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. आर.सी. गुप्ता, विनय कुमार, डॉ. अमित गर्ग, डॉ. लोकेश कुमार सिंह, डॉ. अमरेन्द्र चौधरी, डॉ. संदीप मलियान और डॉ. राहुल सिंह ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर आसमान में कबूतर भी छोड़े गए।
प्राचार्य डॉ. आर.सी. गुप्ता ने कहा कि चिकित्सा का क्षेत्र तनावपूर्ण और जिम्मेदारी से भरा होता है, इसलिए डॉक्टरों और मेडिकल विद्यार्थियों के जीवन में खेलकूद का विशेष महत्व है। खेल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर रखने के साथ टीम भावना और मानसिक मजबूती विकसित करने में भी सहायक होते हैं।
उद्घाटन समारोह का प्रमुख आकर्षण मार्च पास्ट और परेड रही। कॉलेज के रेड, येलो, ग्रे और ब्लू हाउस के छात्र-छात्राओं ने अनुशासन और खेल भावना के साथ इसमें भाग लिया। इसके बाद खिलाड़ियों को खेल नियमों का पालन करने और प्रतियोगिताओं में निष्पक्षता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
एसएमसीटी-2026 के अंतर्गत क्रिकेट, बैडमिंटन, फुटबॉल, कबड्डी और एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उद्घाटन दिवस पर हुए पहले मुकाबले में छात्र-छात्राओं ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया और दर्शकों को रोमांचित किया।
समारोह के अंत में डॉ. अंशु टंडन ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने अतिथियों, संकाय सदस्यों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजकों के अनुसार, आगामी दिनों में होने वाले फाइनल मुकाबलों के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में कॉलेज प्रशासन, वरिष्ठ चिकित्सक, फैकल्टी सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।