रघुनाथ गर्ल्स पीजी कॉलेज में ‘नवरात्रि शक्ति पर्व’ का आयोजन
मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं ने देवी स्वरूपों की प्रस्तुति दी, भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दिया नारी शक्ति का संदेश
मेरठ । रघुनाथ गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में शारदीय नवरात्रि 2026 के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत ‘नवरात्रि शक्ति पर्व’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कॉलेज की प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी के निर्देशन और संरक्षण में संगीत विभाग तथा छात्र कल्याण परिषद ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का आयोजन किया।
नवरात्रि नारी शक्ति और अच्छाई की विजय का पर्व
कार्यक्रम में छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी ने कहा कि नवरात्रि का पवित्र त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत और नारी शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़े आयोजनों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
संगीत विभाग की प्रभारी डॉ. किरन शर्मा ने कहा कि नवरात्रि मां दुर्गा और उनके नौ स्वरूपों—नवदुर्गा—की उपासना का पर्व है। कार्यक्रम संयोजिका डॉ. स्वाति शर्मा ने बताया कि नवरात्रि के नौ दिनों में मां शैलपुत्री से लेकर मां सिद्धिदात्री तक के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा की जाती है।
छात्राओं ने देवी स्वरूप धारण कर दी प्रस्तुति
कार्यक्रम में संगीत विभाग की छात्राओं अभि गौतम, वर्षा, रागिनी, वंशिका, वंशिका शर्मा, आयशा और भूमिका सहित अन्य छात्राओं ने देवियों के स्वरूप धारण कर प्रस्तुतियां दीं। छात्राओं की प्रस्तुतियों के माध्यम से नवरात्रि के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को दर्शाया गया।
प्रिया और जानवी ने भजन प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को भावविभोर किया। कार्यक्रम में संगीत विभाग के तबला वादक हेमंत शुक्ला का विशेष सहयोग रहा।
महाविद्यालय के सदस्यों का रहा सहयोग
आयोजन को सफल बनाने में छात्र कल्याण परिषद की सभी सदस्यों का सहयोग रहा। संगीत विभाग की ओर से डॉ. सुमन सिंह, रुकैय्या, श्रीमती कविता और सिम्मी सैनी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।