पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष शिवकुमार राणा एवं दौराला भाजपा मंडल अध्यक्ष मनिंदर विहान भराला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन
मेरठ। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर दौराला भाजपा मंडल के कार्यकर्ताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए। मंडल अध्यक्ष मनिंदर विहान भराला के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने सरदार पटेल को कोटि-कोटि नमन किया और देश की एकता तथा अखंडता के लिए उनके योगदान को याद किया।
मंडल अध्यक्ष मनिंदर विहान भराला ने कहा कि सरदार पटेल ने सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत की नींव मजबूत की। अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक पटेल का राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अतुलनीय समर्पण आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका जीवन संदेश देता है कि राष्ट्रहित सर्वोपरि हो तो किसी भी चुनौती का सामना किया जा सकता है।

पूर्व जिला अध्यक्ष शिवकुमार राणा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पटेल के 5 जुलाई 1947 के वक्तव्य का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पटेल ने रियासतों के शासकों से भारत के साथ सहयोग की अपील की थी। उनके विचार में देश के अतीत के राजनीतिक बिखराव और आपसी संघर्ष से सीख लेते हुए स्वतंत्रता के समय एकता तथा पारस्परिक सहयोग को मजबूत करना जरूरी था। राज्यों के भौगोलिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक संबंध भी उन्हें एक-दूसरे से जोड़ते हैं।
शिवकुमार राणा ने 2 जनवरी 1947 को शिलांग में दिए गए पटेल के भाषण का संदर्भ देते हुए कहा कि उन्होंने विभाजन के बाद विस्थापित लोगों के पुनर्वास और देश के पुनर्निर्माण में सभी प्रांतों की भागीदारी पर जोर दिया था। पटेल का संदेश था कि प्रांतीय संकीर्णता और आपसी ईर्ष्या से देश की प्रगति बाधित हो सकती है, जबकि मिल-जुलकर किए गए प्रयास भारत को मजबूत बना सकते हैं।
मनिंदर विहान भराला ने संविधान सभा में राज्यों के एकीकरण और लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर पटेल के विचारों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पटेल ऐसे भारत के पक्षधर थे, जहाँ सभी नागरिकों को समान अधिकार और कानूनी संरक्षण मिले तथा राज्यों और प्रांतों के लोगों के बीच की बाधाएँ दूर हों। उनके विचारों में जनता की इच्छा, लोकतांत्रिक एकता और जनहित को विशेष महत्व दिया गया था।
कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष शिवकुमार राणा, भूमि विकास बैंक के पूर्व चेयरमैन हरेंद्र चौधरी, मंडल महामंत्री मोहित राणा, मंडल उपाध्यक्ष डॉ. धनेश कुमार, पार्षद प्रशांत अहलावत, अमित गुप्ता, संजीत वाल्मीकि, अश्वनी चौधरी, सचिन उपाध्याय, विवेक सेन, आमिर अली, अमित चौधरी, वंश चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।