आरजीपीजी कॉलेज की छात्राओं को पोट्रेट फोटोग्राफी की बारीकियां सिखाते लेंस अकादमी के प्रमुख प्रशांत
मेरठ। रघुनाथ गर्ल्स पीजी कॉलेज के विजुअल आर्ट (ड्रॉइंग एंड पेंटिंग) विभाग और लेंस एकेडमी के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत 31 अक्टूबर को प्रोडक्ट और पोर्ट्रेट फोटोग्राफी पर व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य छात्राओं को कला शिक्षा के साथ आधुनिक फोटोग्राफी तकनीकों का अनुभव देना और उनके शैक्षिक तथा व्यावसायिक कौशल को विकसित करना रहा।
प्रशिक्षण सत्र में छात्राओं को प्रोडक्ट फोटोग्राफी की तकनीकी और कलात्मक बारीकियों से परिचित कराया गया। उन्हें बताया गया कि किसी उत्पाद को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत करने के लिए कैमरे की सेटिंग, लेंस का चुनाव, अपर्चर, शटर स्पीड, प्रकाश व्यवस्था और सही एंगल का ध्यान रखना जरूरी है। संतुलित रोशनी और उपयुक्त कैमरा सेटिंग के माध्यम से उत्पाद की विशेषताओं को उभारकर प्रभावशाली तस्वीर ली जा सकती है।

लेंस एकेडमी के प्रमुख प्रशांत ने पोर्ट्रेट फोटोग्राफी का व्यावहारिक प्रशिक्षण देते हुए लाइटिंग, कैमरा एंगल, बैकग्राउंड, फोकस, लेंस के चयन और व्यक्ति की पोजिशनिंग के महत्व को समझाया। उन्होंने छात्राओं को बेहतर पोर्ट्रेट तैयार करने के लिए तकनीकी और रचनात्मक सुझाव भी दिए।
आयोजकों के अनुसार, ऐसे प्रशिक्षण से छात्राओं को विज्ञापन, उत्पाद फोटोग्राफी, फैशन और पोर्ट्रेट फोटोग्राफी जैसे क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं को समझने में मदद मिलती है। महाविद्यालय और लेंस एकेडमी के बीच हुए एमओयू के तहत आयोजित यह सत्र छात्राओं के कौशल और व्यावसायिक दक्षता को बढ़ाने की दिशा में एक पहल रहा।
इस अवसर पर चित्रकला विभाग की प्रभारी प्रो. अर्चना रानी, डॉ. नजिमा, डॉ. गरिमा कुमारी और मिस इंशा सहित विभाग की शिक्षिकाएं तथा एमए की छात्राएं उपस्थित रहीं। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी और मीडिया प्रभारी प्रो. सुनीता एवं डॉ. पूनमलता सिंह ने भी कार्यक्रम की जानकारी दी।