महर्षि वाल्मीकि जयंती पर रजवन मंदिर में आरती करते जिलाधिकारी मेरठ डॉ वी के सिंह
मेरठ, 26 अक्टूबर। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने रजबन स्थित वाल्मीकि मंदिर, महर्षि वाल्मीकि चौक में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल और अन्य अधिकारियों ने महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
मंदिरों में हो रहा वाल्मीकि रामायण का अखंड पाठ
जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशों के तहत महर्षि वाल्मीकि जयंती पर महर्षि वाल्मीकि से जुड़े मंदिरों और स्थलों पर रामायण के अखंड पाठ का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों में दीप प्रज्ज्वलन और दीपदान भी किया जा रहा है। आयोजन स्थलों पर आठ, 12 अथवा 24 घंटे तक वाल्मीकि रामायण का पाठ किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से वाल्मीकि रामायण में निहित मानवीय, सामाजिक और राष्ट्रीय मूल्यों से आमजन को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को महर्षि वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम आपसी सद्भाव और सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज में समानता, शिक्षा, स्वावलंबन और परिश्रम की भावना को बढ़ावा देना महर्षि वाल्मीकि के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेने का एक माध्यम है।
उन्होंने लोगों से रामायण के मूल्यों और आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा आपसी भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण के माध्यम से मर्यादा, सत्य, करुणा और धर्मपरायणता का संदेश दिया। इन आदर्शों को आत्मसात कर नागरिक समाज और राष्ट्र की प्रगति में योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, संबंधित अधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।