ट्रेन की चपेट से घायल शिवम
लियाना पुल के पास रेलवे ट्रैक पर हुआ हादसा; घायल का दाहिना हाथ कटकर अलग, पैर भी टूटा
मेरठ । टीपीनगर थाना क्षेत्र में मलियाना पुल के पास श्मशान घाट के निकट शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। रेलवे ट्रैक पर चल रहे दो सगे भाइयों को पीछे से आ रही एक्सप्रेस ट्रेन ने टक्कर मार दी। हादसे में 20 वर्षीय आर्यन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर में शिवम का दाहिना हाथ कटकर अलग हो गया और उसका पैर भी टूट गया।
दोनों भाई मूल रूप से बुलंदशहर जिले के गुलावठी के रहने वाले थे और फिलहाल परतापुर थाना क्षेत्र के रिठानी में रहकर मजदूरी करते थे। बताया गया है कि शनिवार रात दोनों कहीं से घर लौट रहे थे। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, उस समय वे शराब के नशे में थे और घर लौटते समय रेलवे ट्रैक पर चलने लगे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही एक्सप्रेस ट्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल शिवम को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
आर्यन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार एक ओर आर्यन की मौत से सदमे में है, वहीं दूसरी ओर शिवम की गंभीर हालत को लेकर भी चिंतित है।
पुलिस ने आर्यन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। टीपीनगर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। एक युवक को मृत घोषित किया गया, जबकि दूसरे का उपचार जारी है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।