कुलवंत सिंह स्टेडियम में होने वाली रैली स्थल का निरीक्षण करते मंत्री सोमेंद्र तोमर
मेरठ #ANN आगामी 14 नवंबर 2026 को कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाली मेगा भूतपूर्व सैनिक रैली की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर ने रैली स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। रैली में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है। निरीक्षण के दौरान डॉ. तोमर ने आयोजन स्थल पर चल रही तैयारियों और कार्यक्रम के लिए की जा रही विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए तैयारियों की प्रगति पर चर्चा की। डॉ. तोमर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं और आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय रखा जाए।
डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि मेगा भूतपूर्व सैनिक रैली देश की रक्षा और सुरक्षा में योगदान देने वाले पूर्व सैनिकों के सम्मान तथा उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने निर्देश दिए कि रैली में शामिल होने वाले पूर्व सैनिकों और अतिथियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ व्यवस्था ऐसी हो कि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने तैयारियों को निर्धारित समय पर पूरा करने और रैली के दौरान व्यवस्थाओं को व्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया। निरीक्षण में मेजर जनरल सुमित राणा, कमांडर (सेवानिवृत्त) उमा महेश्वर, कर्नल (सेवानिवृत्त) अमित, कर्नल अनुज अन्तल और ब्रिगेडियर एस.के. सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।