राजीव कुमार सक्सेना (पुलिस अधीक्षक यातायात)
मेरठ, 26 नवंबर 2026। शादी समारोहों की अधिकता को देखते हुए मेरठ यातायात पुलिस ने शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए विशेष यातायात डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था 26 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी। इसके तहत भारी वाहनों, रोडवेज बसों, ई-रिक्शा एवं ऑटो के आवागमन पर निर्धारित समयावधि में प्रतिबंध लगाया गया है।
पुलिस अधीक्षक यातायात राजीव कुमार सक्सेना ने बताया कि बिजली बम्बा चौराहे से दैनिक जागरण चौराहे की ओर जाने वाले सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिदिन शाम पांच बजे से रात दस बजे तक पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहन खरखौदा थाना तिराहा से डायवर्ट होकर मोहिउद्दीनपुर-खरखौदा मोड़ होते हुए अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
इसी प्रकार दैनिक जागरण चौराहे से बिजली बम्बा चौराहे की ओर जाने वाले भारी वाहनों पर भी शाम पांच बजे से रात दस बजे तक प्रतिबंध रहेगा। इन वाहनों को दैनिक जागरण चौराहा, परतापुर इंटरचेंज, मोहिउद्दीनपुर-खरखौदा मोड़ और खरखौदा थाना तिराहा होते हुए अपने गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।
भैंसाली रोडवेज बस अड्डे से दिल्ली और गाजियाबाद की ओर जाने वाली रोडवेज बसें जली कोठी चौराहे से रेलवे रोड चौराहा होते हुए दिल्ली की ओर नहीं जा सकेंगी। इन बसों को भैंसाली रोडवेज बस अड्डे से जली कोठी चौराहा, भैंसाली ग्राउंड, जीटीबी स्कूल तिराहा, रोहटा रेलवे फाटक और रोहटा बाईपास एनएच-58 होते हुए दिल्ली एवं गाजियाबाद की ओर भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस ने शहर के बेगमपुल चौराहा, हापुड़ अड्डा चौराहा एवं लालकुर्ती पैंठ बाजार को ई-रिक्शा और ऑटो के लिए नो-एंट्री जोन घोषित किया है।
बेगमपुल चौराहे पर जीरो माइल्स, आबूलेन तिराहा, सोतीगंज चौराहा एवं आकाश गंगा साड़ी प्रतिष्ठान की ओर से आने वाले सभी प्रकार के ई-रिक्शा और ऑटो का आवागमन प्रतिदिन सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
हापुड़ अड्डा चौराहे पर सूरजकुंड मोड़ तिराहा, नंदन सिनेमा, हापुड़ अड्डा पेट्रोल पंप यू-टर्न एवं गोला कुआं की ओर से आने वाले ई-रिक्शा और ऑटो का आवागमन भी सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।
वहीं, लालकुर्ती पैंठ बाजार में जीरो माइल्स चौराहे से बीएसएनएल तिराहे के बीच ई-रिक्शा एवं ऑटो का आवागमन प्रतिदिन दोपहर दो बजे से रात दस बजे तक पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस अधीक्षक यातायात राजीव कुमार सक्सेना ने समस्त वाहन चालकों, रोडवेज बस चालकों, ई-रिक्शा एवं ऑटो चालकों सहित आम नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित समयावधि में प्रतिबंधित मार्गों पर प्रवेश न करें और यातायात पुलिस द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
उन्होंने नागरिकों से यातायात नियमों एवं डायवर्जन व्यवस्था का पालन करते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।