29 नवंबर को होने वाले वैश्य समाज के छात्र अभिनंदन समारोह की जानकारी देते आयोजक मंडल
मेरठ, 1 नवंबर 2026। वैश्य समाज मेरठ महानगर की ओर से 29 नवंबर को 33वां मेधावी छात्र-छात्रा अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज में होगा। इसमें करीब 500 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने की योजना है। सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिह्न और ‘वैश्य एकता’ स्मारिका प्रदान की जाएगी।
समारोह की तैयारियों को लेकर रविवार को कमला देवी शिशु मंदिर, शास्त्री नगर में आवश्यक बैठक हुई। बैठक का आयोजन ‘वैश्य एकता’ स्मारिका की मुख्य संपादिका गीता अग्रवाल के सौजन्य से किया गया। अध्यक्षता वैश्य समाज मेरठ महानगर के अध्यक्ष सुशील कृष्ण गुप्ता ने की, जबकि संचालन महामंत्री प्रमोद गुप्ता ने किया। बैठक में पिछली कार्यवाही की पुष्टि के साथ समारोह की तैयारियों और सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों के चयन पर चर्चा की गई।
महामंत्री प्रमोद गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उद्योगपति डॉ. रामकुमार गुप्ता को आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया है। समारोह में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ IAS, PCS और IIT परीक्षाओं में चयनित छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया जाएगा। वैश्य शिरोमणि उपाधि के लिए चयनित नामों और विशिष्ट अतिथियों के नामों पर विचार-विमर्श जारी है।
सम्मान के लिए यूपी बोर्ड में 60 प्रतिशत या उससे अधिक और सीबीएसई बोर्ड में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी पात्र होंगे। मेधावी छात्र-छात्राओं की अंकतालिकाएं जमा कराने के लिए 23 केंद्र बनाए गए हैं। बैठक में बताया गया कि अब तक करीब 300 विद्यार्थियों की अंकतालिकाएं जमा हो चुकी हैं।
समाज की ओर से मेधावी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित केंद्रों पर अंकतालिका की छायाप्रति जल्द जमा कराएं, ताकि सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों की सूची समय से तैयार की जा सके।
बैठक में मुख्य महिला संयोजिका गीता जिंदल, उपमहामंत्री प्रवीण कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष सुशील राजवंशी, मुकुल सिंघल, संजीव अग्रवाल, मनमोहन अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, पारस गुप्ता, अमित मित्तल, हर्ष गोयल, सुशील कुमार ‘भट्टे वाले’, अमित अग्रवाल सहित कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे।