कलानिधि नैथानी (डी आई जी मेरठ परिक्षेत्र)
मेरठ। मेरठ परिक्षेत्र पुलिस ने गुरुवार को अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल कीं। मेरठ, बागपत, बुलंदशहर और हापुड़ जनपदों में पुलिस ने इनामी अपराधियों, लुटेरों, वाहन चोरों और अवैध हथियार रखने वाले आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए कई अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। वहीं “ऑपरेशन कन्विक्शन” के तहत प्रभावी पैरवी कर गंभीर मामलों में दोषियों को न्यायालय से कड़ी सजा भी दिलाई गई।
बागपत में 25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
बागपत जनपद के थाना सिंघावली अहीर पुलिस ने लूट की घटना में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायलावस्था में गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से 4,560 रुपये नकद, लूटा गया बैग, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल तथा “ऑपरेशन शस्त्र” के तहत एक अवैध तमंचा, एक खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने लूट के एक अन्य वांछित अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर लूट की रकम में से 8,000 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त अवैध देशी पिस्टल बरामद की गई।
बुलंदशहर में हत्या के आरोपी बदमाशों से मुठभेड़
बुलंदशहर जनपद के थाना चोला क्षेत्र में हत्या के मामले में वांछित बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल होकर गिरफ्तार किए गए। उनके कब्जे से अवैध हथियार और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया गया।
वहीं थाना गुलावठी पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लगभग दो लाख रुपये मूल्य के चोरी किए गए जेवरात और 19 हजार रुपये नकद बरामद किए।
मेरठ में इनामी लुटेरा गिरफ्तार, फायरिंग का आरोपी भी दबोचा
मेरठ जनपद में थाना भावनपुर पुलिस और स्वाट टीम ग्रामीण की संयुक्त कार्रवाई में 25 हजार रुपये का इनामी तथा लूट के मुकदमे में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूट की रकम में से शेष 7,170 रुपये बरामद किए।
इसके अलावा थाना हस्तिनापुर पुलिस ने फायरिंग की घटना में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से “ऑपरेशन शस्त्र” के तहत अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए।
हापुड़ में अवैध हथियार और वाहन चोर गिरफ्तार
हापुड़ नगर थाना पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से अवैध असलहे बरामद हुए।
वहीं थाना कपूरपुर पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें और एक अवैध चाकू बरामद किया।
बागपत में वाहन चोरी और ट्यूबवेल चोरी का खुलासा
थाना कोतवाली बागपत पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की।
इसके अतिरिक्त ट्यूबवेल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से समरसेबल, मोटर के पार्ट्स, ऑल्टीनेटर, स्टार्टर के पार्ट्स, तांबे का तार तथा समरसेबल के केबल सहित चोरी का सामान बरामद हुआ।
ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत दोषियों को मिली कड़ी सजा
मेरठ परिक्षेत्र में चलाए जा रहे “ऑपरेशन कन्विक्शन” अभियान के तहत बुलंदशहर के थाना सिकन्द्राबाद पुलिस ने हत्या के एक मामले में प्रभावी पैरवी कर आरोपी को आजीवन कारावास तथा 50 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा दिलाई।
इसी प्रकार हापुड़ पुलिस ने नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ के मामले में प्रभावी साक्ष्य और पैरवी के आधार पर आरोपी को पांच वर्ष के कारावास और 15 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित कराया।
अपराधियों पर लगातार जारी है पुलिस का शिकंजा
मेरठ परिक्षेत्र पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन शस्त्र” और “ऑपरेशन कन्विक्शन” के अंतर्गत लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इन अभियानों का उद्देश्य अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, अवैध हथियारों पर अंकुश लगाना और दोषियों को शीघ्र न्यायालय से सजा दिलाकर आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है ।