हादसे में घायल युवक
मेरठ। एक बेटी अपने घायल पिता को गोद में लेकर मदद की गुहार लगाती रही, लेकिन न समय पर मदद मिली और न ही इलाज। आखिरकार पिता ने दम तोड़ दिया।
घटना लालकुर्ती थाना क्षेत्र के वेस्टर्न रोड की है, जहां चमनलाल अपनी बेटी वंदना के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार क्रेन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में चमनलाल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बेटी बाल-बाल बच गई।
सड़क पर खून से लथपथ पिता को वंदना अपनी गोद में लेकर रोती-बिलखती मदद मांगती रही। काफी देर बाद लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन आरोप है कि एक निजी अस्पताल ने भर्ती करने से इनकार कर दिया।
बाद में दूसरे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और चमनलाल की मौत हो गई।
वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए क्रेन चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
अब सवाल यह है कि अगर समय पर इलाज मिल जाता, तो क्या एक बेटी अपने पिता को खोने से बच सकती थी? यह दर्दनाक घटना कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है।