पुरा महादेव मंदिर का निरीक्षण करने पहुंचे एडीजी मेरठ जोन भानु चंद्र भास्कर
बागपत। श्रावण शिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में सोमवार, 10 अगस्त 2026 को अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ जोन, मेरठ श्री भानु भास्कर ने जनपद बागपत में ऐतिहासिक पुरा महादेव मंदिर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
एडीजी मेरठ जोन श्री भानु भास्कर ने जिलाधिकारी बागपत श्रीमती अस्मिता लाल, पुलिस अधीक्षक बागपत तथा अन्य पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस बल के साथ थाना बालैनी क्षेत्रान्तर्गत आने वाले ऐतिहासिक पुरा महादेव मंदिर के आसपास फुट पेट्रोलिंग की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था तथा पुलिस बल की तैनाती का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए श्रावण शिवरात्रि के अवसर पर संभावित श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके साथ ही एडीजी मेरठ जोन ने ऐतिहासिक पुरा महादेव मंदिर में दर्शन एवं जलाभिषेक किया। उन्होंने मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को श्रावण शिवरात्रि के दौरान पूरी सतर्कता एवं समन्वय के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
एडीजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, पार्किंग, बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को लगातार अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि श्रावण शिवरात्रि के दौरान मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी श्रद्धालु सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में दर्शन एवं जलाभिषेक कर सकें, इसके लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
निरीक्षण एवं दर्शन-जलाभिषेक कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी बागपत श्रीमती अस्मिता लाल द्वारा अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ जोन, मेरठ श्री भानु भास्कर का स्मृति प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।
श्रावण शिवरात्रि के अवसर पर पुरा महादेव मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अधिकारियों द्वारा लगातार स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम धार्मिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।