भाजपा कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान
मेरठ। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मेरठ शहर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मान में शनिवार को रेलवे रोड स्थित जैन बोर्डिंग हाउस में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अभियान के दौरान सक्रिय रूप से कार्य करने वाले सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके योगदान की सराहना की गई।
समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता पंडित सुनील भराला रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रसेन मंडल अध्यक्ष विकास गुप्ता ने की, जबकि भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत शारदा अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
अपने संबोधन में पंडित सुनील भराला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और उसकी मेहनत, समर्पण तथा निष्ठा ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की सफलता कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम है। भाजपा एक ऐसा संगठन है जो बूथ और वार्ड स्तर तक काम करने वाले कार्यकर्ताओं के योगदान को न केवल पहचानता है, बल्कि समय-समय पर उनका सम्मान भी करता है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता के बीच उनकी पहुंच के कारण ही भाजपा लगातार मजबूत हो रही है। संगठन का विस्तार और चुनावी सफलता दोनों ही कार्यकर्ताओं की मेहनत पर आधारित हैं। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से आगामी अभियानों और संगठनात्मक कार्यक्रमों में भी इसी प्रकार सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत शारदा अग्रवाल ने कहा कि भाजपा में पहली बार वार्ड और बूथ स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को इस प्रकार सम्मानित करने की परंपरा शुरू की गई है, जो निश्चित रूप से उनके मनोबल को बढ़ाने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन अपने समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान कर उन्हें नई ऊर्जा देने का काम करता है।
विनीत शारदा अग्रवाल ने पंडित सुनील भराला के सामाजिक और संगठनात्मक योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सुनील भराला ने श्रमिकों, झुग्गी-बस्तियों और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा कार्य किए हैं तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष किसान मोर्चा अजय भारद्वाज ने स्पष्ट कहा कि SIR अभियान में जुटे किसी भी भाजपा कार्यकर्ता का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई अधिकारी अथवा कर्मचारी कार्यकर्ताओं के साथ अनुचित व्यवहार करता है तो संगठन पूरी मजबूती के साथ उनके समर्थन में खड़ा होगा और लोकतांत्रिक तरीके से उसका विरोध किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता भाजपा की पहचान हैं और उनके सम्मान एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। संगठन हमेशा अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़ा रहा है और भविष्य में भी उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल ने कहा कि कार्यकर्ताओं के सम्मान की यह प्रेरणादायी पहल पंडित सुनील भराला की सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संगठन का वास्तविक आधार जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता ही हैं और उनके सम्मान से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की नींव का पत्थर है। ऐसे कार्यकर्ताओं का सम्मान करना वास्तव में संगठन की शक्ति और समर्पण का सम्मान करना है। इससे कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ता है और वे और अधिक समर्पण के साथ संगठन के लिए कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक हरपाल सैनी, पूर्व विधान परिषद सदस्य लोकेश प्रजापति, भाजपा के पूर्व प्रत्याशी विजेंद्र लोहरे, सभासद राजीव गुप्ता, पूनम गुप्ता, संदीप रेवड़ी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रदेश संयोजक विशाल कृष्ण भारद्वाज, जिला उपाध्यक्ष अजय शर्मा, मंडल अध्यक्ष अरविंद अरोड़ा, नगर मंडल अध्यक्ष हिमांशु गर्ग, वीर सैनी, मनीष शर्मा, उमा चतुर्वेदी, विष्णु भारद्वाज, ओंकार शर्मा, अनुराग शर्मा, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष अंजुम निजामी, अजय जैन, रजत जैन, आदेश जैन, अभिषेक अग्रवाल तथा अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता आशीष दीक्षित ने किया। समारोह के अंत में सभी कार्यकर्ताओं को संगठन हित में निरंतर कार्य करने, जनसेवा के कार्यों में सक्रिय रहने तथा आगामी अभियानों को पूरी निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ सफल बनाने का संकल्प दिलाया गया।
सम्मान समारोह के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला और कार्यकर्ताओं ने संगठन के प्रति अपनी निष्ठा दोहराते हुए आगामी चुनावी एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का विश्वास व्यक्त किया।