राजकुमार कौशिक (सामाजिक कार्यकर्ता)
मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ के सामाजिक कार्यकर्ता और एडवेंचर्स एंड बिजनेस चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन राजकुमार कौशिक को पत्र लिखकर उनके जनसेवा कार्यों की सराहना की है। 2 अक्टूबर 2026 को लिखे पत्र में मुख्यमंत्री ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना करते हुए समाज के प्रति समर्पण के लिए आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता समाज के बीच रहकर लोगों की समस्याओं और जरूरतों को समझते हैं तथा उनके समाधान के लिए प्रयास करते हैं। उनकी मेहनत, संवेदनशीलता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता समाज को अधिक सशक्त और संवेदनशील बनाने में योगदान देती है।
पत्र में मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में अपराध और माफिया के प्रभाव के कारण जनहित में आवाज उठाने वालों के सामने दबाव और भय का माहौल था। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई और कानून का राज स्थापित करने को प्राथमिकता दी गई, ताकि नागरिक अपने अधिकारों और हितों के लिए निर्भय होकर आवाज उठा सकें।
योगी आदित्यनाथ ने गरीबों, वंचितों, बुजुर्गों, दिव्यांगों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के जीवन में बदलाव के लिए संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सामाजिक कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। समाज से सीधे जुड़ाव के कारण वे लोगों की वास्तविक जरूरतों को समझते हैं और योजनाओं से वंचित रह गए लोगों को उनसे जोड़ने में मदद कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश और प्रदेश समृद्धि तथा विकास के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं। सशक्त उत्तर प्रदेश का संकल्प सरकार के साथ समाज के प्रत्येक नागरिक का भी साझा दायित्व है। सामाजिक कार्यकर्ता सरकारी प्रयासों को लोगों तक पहुंचाने के साथ उनकी समस्याएं और सुझाव शासन तक पहुंचाकर व्यवस्था को अधिक जनोन्मुखी बनाने में योगदान दे सकते हैं।
पत्र के अंत में मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि राजकुमार कौशिक का सेवा भाव और जनसरोकार विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण को मजबूत करेंगे। उन्होंने ऐसे प्रदेश के निर्माण का संकल्प व्यक्त किया, जहां प्रत्येक नागरिक को सम्मान, सुरक्षा और अवसर मिले।