स्वतंत्रता दिवस की अलर्ट पर वाहनों की चेकिंग करते पुलिस अधिकारी
मेरठ। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त के मद्देनजर मेरठ परिक्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया गया है। राष्ट्रीय पर्व के दौरान तिरंगा यात्राओं, प्रभात फेरियों, शोभायात्राओं और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखते हुए मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ जनपदों में व्यापक पुलिस प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत परिक्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान शुरू कर दिए गए हैं।
पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र श्री कलानिधि नैथानी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में तिरंगा यात्राएं और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। सुरक्षा के दृष्टिगत परिक्षेत्र स्तर पर पांच विशेष अभियान शुरू किए गए हैं।
पांच विशेष ऑपरेशन से होगी निगरानी
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर मेरठ रेंज में ऑपरेशन शील, ऑपरेशन कवच, ऑपरेशन पहचान, ऑपरेशन बाजार और ऑपरेशन स्वीप प्रभावी किए गए हैं। इन अभियानों के माध्यम से अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं की जांच की जाएगी।
ऑपरेशन शील
ऑपरेशन शील के तहत अंतरराज्यीय एवं अंतरजनपदीय सीमाओं तथा थाना क्षेत्रों की सीमाओं पर बैरियर लगाए गए हैं। यहां संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की विधिवत चेकिंग की जाएगी। सीमावर्ती क्षेत्रों में आने-जाने वाले वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
ऑपरेशन कवच
स्कूल-कॉलेज, बैंक, एटीएम, वित्तीय संस्थानों और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए ऑपरेशन कवच चलाया जा रहा है। इन स्थानों पर संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की चेकिंग के साथ सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।
ऑपरेशन पहचान
ऑपरेशन पहचान के तहत दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के साथ संदिग्ध वाहनों की जांच की जाएगी। तीन सवारी, काली फिल्म, बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों तथा हूटर आदि का भी परीक्षण किया जाएगा। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
ऑपरेशन बाजार
बाजारों, मॉल, मेलों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ऑपरेशन बाजार के तहत चेकिंग की जाएगी। पुलिस संदिग्ध वाहनों, संदिग्ध वस्तुओं और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखेगी।
ऑपरेशन स्वीप
धर्मशालाओं, होटलों, सराय, ढाबों, रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंड समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर ऑपरेशन स्वीप चलाया जाएगा। इन स्थानों पर भौतिक चेकिंग के साथ उपलब्ध सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी।
24 जोन और 81 सेक्टर में बांटा गया मेरठ रेंज
सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए पूरे मेरठ परिक्षेत्र को 24 जोन और 81 सेक्टर में बांटा गया है। इसके अलावा 62 क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन किया गया है। किसी भी आपात स्थिति में क्यूआरटी को तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई के लिए तैयार रखा जाएगा।
मेरठ जनपद में 9 जोन, 31 सेक्टर और 31 QRT, बुलंदशहर में 7 जोन, 27 सेक्टर और 7 QRT, बागपत में 5 जोन, 13 सेक्टर और 13 QRT, जबकि हापुड़ में 3 जोन, 10 सेक्टर और 11 QRT बनाई गई हैं।
करीब 4 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा
स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा व्यवस्था में मेरठ रेंज के चारों जनपदों में करीब 4 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। कानून-व्यवस्था के लिए 7 अपर पुलिस अधीक्षक, 26 क्षेत्राधिकारी, 91 निरीक्षक, 634 उपनिरीक्षक, 1,183 मुख्य आरक्षी, 1,263 आरक्षी, 405 होमगार्ड/पीआरडी जवान और एक कंपनी पीएसी की ड्यूटी लगाई गई है।
75 तिरंगा यात्राएं और 22 प्रभात फेरियां प्रस्तावित
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मेरठ परिक्षेत्र में 75 तिरंगा यात्राएं प्रस्तावित हैं। इनमें मेरठ में 29, बुलंदशहर में 23, बागपत में 1 और हापुड़ में 22 तिरंगा यात्राएं शामिल हैं।
इसके अलावा 22 प्रभात फेरियां प्रस्तावित हैं। मेरठ में 1, बुलंदशहर में 8 और बागपत में 13 प्रभात फेरियां आयोजित की जाएंगी।
परिक्षेत्र में 32 शोभायात्राओं का भी आयोजन प्रस्तावित है। इनमें मेरठ में 30 और बुलंदशहर में 2 शोभायात्राएं शामिल हैं।
इसके साथ ही 30 अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इनमें मेरठ में 3, बुलंदशहर में 15 और हापुड़ में 12 कार्यक्रम शामिल हैं।
302 स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट
जनपदीय चेकिंग योजना के तहत मेरठ रेंज में 302 स्थानों को चिह्नित किया गया है। मेरठ में 134, बुलंदशहर में 90, बागपत में 47 और हापुड़ में 31 चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं।
पुलिस द्वारा इन स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
124 पीस कमेटी और धर्मगुरुओं के साथ बैठकें
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने विभिन्न पक्षों के साथ समन्वय बैठकों का आयोजन भी किया है। पीस कमेटी, धर्मगुरुओं, शांति समितियों, संभ्रांत व्यक्तियों और आयोजकों के साथ 124 बैठकें की गई हैं।
इसके अलावा बिजली विभाग के साथ 114 बैठकें तथा नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, रेलवे समेत अन्य विभागों के साथ 114 बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। इन बैठकों का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों के दौरान बेहतर समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन, बस स्टेशन, एयरपोर्ट, सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स, शॉपिंग मॉल, होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस, मनोरंजन स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम स्थलों पर प्रवेश और निकास द्वारों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने, रूफटॉप ड्यूटी लगाने और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम शुरू होने से पहले एंटी-सबोटाज चेकिंग कराने पर भी विशेष जोर दिया गया है।
जनपदों के प्रवेश द्वारों पर लगातार चेकिंग
मेरठ रेंज के सभी जनपदों के प्रवेश द्वारों पर प्रभावी चेकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। चेकपोस्ट और बैरियर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को ब्रीफ कर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने को कहा गया है।
पुलिस के अभिसूचना तंत्र और सोशल मीडिया सेल को भी सक्रिय किया गया है। संदिग्ध गतिविधियों और संवेदनशील सूचनाओं पर तत्काल नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अवैध हथियार, शराब और विस्फोटक पदार्थों की तस्करी पर नजर
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर अवैध हथियार एवं कारतूस, शराब तथा विस्फोटक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए स्थायी चेकपोस्ट के साथ अस्थायी चेकपोस्ट पर भी आकस्मिक चेकिंग कराई जाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों के आवागमन पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
विभिन्न आवासीय कॉलोनियों में किरायेदारों के सत्यापन का अभियान चलाने तथा संवेदनशील धार्मिक स्थलों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा निर्धारित एसओपी के अनुरूप सुनिश्चित करने को कहा गया है।
फुट पेट्रोलिंग और फ्लैग मार्च बढ़ाने के निर्देश
डीआईजी ने सभी राजपत्रित अधिकारियों और पुलिस बल को समुचित ब्रीफिंग देने के साथ उच्च स्तर की सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। स्वतंत्रता दिवस से पहले नियमित चेकिंग, प्रभावी फुट पेट्रोलिंग और पर्याप्त पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च करने पर जोर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि स्वतंत्रता दिवस से जुड़े सभी महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को पहले से सूचीबद्ध कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की प्रभावी योजना तैयार की जाए, ताकि किसी भी आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।
‘हर घर तिरंगा’ में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील
मेरठ परिक्षेत्र पुलिस की ओर से नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई है। पुलिस ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और आपसी सौहार्द के साथ मनाने का आह्वान किया है।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के सभी आयोजनों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है। इसके लिए मेरठ रेंज के सभी चारों जनपदों में पुलिस बल को सतर्क करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मॉनीटर किया जा रहा है।