परीक्षा केंद्र पर जाते परीक्षार्थी
मेरठ। सोमवार से यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा का आगाज हो गया। 8, 9 और 10 जून तक चलने वाली इस परीक्षा में कुल एक लाख 32 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिले में परीक्षा के लिए 48 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 37 शहरी और 11 ग्रामीण क्षेत्र में स्थित हैं।
परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में करीब 22 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, जबकि प्रतिदिन लगभग 44 हजार परीक्षार्थियों की आवाजाही मेरठ में रहेगी।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को प्रवेश से पहले सघन जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा। एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र की जांच के बाद बायोमेट्रिक सत्यापन कराया जाएगा। भर्ती बोर्ड ने फर्जीवाड़े को रोकने के लिए सभी तकनीकी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।
दूसरे जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। भैंसाली और सोहराबगेट बस अड्डों पर बार कोड स्कैन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। बार कोड स्कैन करते ही अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा केंद्र तक पहुंचने का पूरा रूट और आवश्यक जानकारी मिल सकेगी।
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी 48 केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है। प्रवेश द्वार से लेकर परीक्षा कक्ष तक हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। सभी केंद्रों के कंट्रोल रूम पुलिस लाइन स्थित केंद्रीय कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटर किए जाएंगे।
बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आगमन को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने भी विशेष प्लान तैयार किया है। शहर के प्रमुख चौराहों और जाम संभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। चारों ट्रैफिक इंस्पेक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं, जबकि क्विक रिस्पांस टीम को भी सक्रिय रखा गया है।
परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए लोकल इंटेलिजेंस यूनिट और एसटीएफ भी पूरी तरह सक्रिय हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग भी लगातार की जा रही है ताकि किसी भी अफवाह या पेपर लीक जैसी कोशिश को समय रहते रोका जा सके।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने, सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
कुल मिलाकर मेरठ में यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा को लेकर सुरक्षा, निगरानी और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन का दावा है कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जाएगी।